Latestराज्यराष्ट्रीय

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारी, रामलीला, लेजर शो, 3डी प्रोजेक्शन समेत कई आयोजन

अयोध्या. अयोध्या में इस बार बड़े भव्य तरीके से दीपोत्सव मनाया जा रहा है। राम की पैड़ी से लेकर सरयू के 37 घाटों तक करीब 18 लाख दीप जलाए जाएंगे। खास बात ये है कि इस बार दीपावली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी राम लला विराजमान की पूजा अर्चना करेंगे और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। दीपावली के दिन 4,000 करोड़ रुपये की 66 परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा। यूं तो बीते पांच सालों से अयोध्या में दीपोत्सव समारोह का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन पहली बार इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे।

भव्य दीपोत्सव की तैयारी
इस बार अयोध्या में दीप जलाकर नये गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी की जा रही है। रविवार को भव्य दीपोत्सव के दौरान करीब 18 लाख मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। इसके लिए 22,000 से अधिक स्वयंसेवकों को लगाया गया है। इसके अलावा अयोध्या के विभिन्न चौराहे पर दीप जलाएंगे और रंगोली के रूप में सजावट की जाएगी। दीपोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों के विभिन्न नृत्य रूपों के साथ पांच एनिमेटेड झांकियां और ग्यारह रामलीला झांकियां भी प्रदर्शित की जायेंगी। पिछले दीपोत्सव में जहां 11 झांकियां थी, वहीं इस बार इनकी संख्या बढ़कर 16 हो गई है.

लेजर शो समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम
अयोध्या में इस बार दीपावली के मौके पर म्यूजिकल लेजर शो, 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आतिशबाजी होगी। साथ ही अन्य देशों और राज्यों के सांस्कृतिक दल रामलीला का मंचन भी करेंगे। पीएम मोदी भी सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में होनेवाली 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो और म्यूजिकल लेजर शो में शामिल होंगे। इसके साथ ही लगभग 25 नुक्कड़ों पर कई संगठनों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *