ग्वालियर से झांसी हाईवे पर शव लेकर जा रहे एम्बुलेंस दुर्घनाग्रस्त हुई, 7 लोग घायल

ग्वालियर. गुड़गांव-दिल्ली से पत्नी के शव को लेकर सागर जा रहा BSF हवलदार का परिवार ग्वालियर-झांसी हाइवे पर जौरासी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तेज रफ्तार एम्बुलेंस के चालक ने आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया तो उसी समय पीछे से दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एम्बुलेंस पलट गई। जिसमें शव के साथ बैठा BSF हवलदार का पूरा परिवार व एम्बुलेंस चालक सहित 7 लोग घायल हो गए हैं। चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे में मासूम बच्चे भी घायल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने एम्बुलेंस से घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को जेएएच में भर्ती कराया है। बिलौआ थाना पुलिस हादसे की पड़ताल कर रही है।

क्या है पूरा मामला
सागर निवासी विजय कुमार भारती BSF में हवलदार हैं और दिल्ली के पास उनकी पदस्थापना है। विजय की पत्नी को कुछ दिन पहले डेंगू हो गया था। लगातार हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के पास गुड़गांव (गुरुग्राम) के सिग्नेचर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। एक दिन पहले BSF हवलदार की पत्नी गायत्री की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। गुड़गांव में औपचारिकता पूरी करने के बाद वहां से एम्बुलेंस बुक कर परिवार के लोग सागर के लिए निकले थे। एम्बुलेंस में गायत्री के शव के पास उनके पति, विजय कुमार, 14 वर्षीय बेटा अभिषेक, 20 वर्षीय बेटी निशा, विजय के साले राजीव प्रसाद (47), साली 33 वर्षीय कविता, साली की बेटी 15 वर्षीय तमन्ना व बेटा सन्नी मौजूद थे। यह सभी मंगलवार दोपहर के बाद ग्वालियर शहर निकलकर ग्वालियर-झांसी हाइवे पर जौरासी के पास पहुंचे थे तभी तेज रफ्तार में चालक विनोद कुमार ने एम्बुलेंस को आगे ले जाने के लिए एक ट्रक को ओवरटेक किया। उसकी लापरवाही पर पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसे के बाद एम्बुलेंस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई।

राहगीरों ने की मदद
हादसे के बाद जब राहगीर वहां रुके और स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। गायत्री का शव पड़ा था और आसपास उसके बच्चे व अन्य रिश्तेदार पड़े थे। स्थानीय लोगाें ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अपने वाहनों का इस्तेमाल किया। जेएएच में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। विजय कुमार, अभिषेक, निशा, कविता, तमन्ना, सन्नी, राजीव प्रसाद व विनोद कुमार घायल हैं। घायलों में एम्बुलेंस के चालक विनोद कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *