ग्वालियर में शाह का शाही भोज के बहाने सिंधिया का शक्ति प्रदर्शन, महल की भव्यता देख राजघराने के मुरीद हुए
ग्वालियर. देश में भाजपा संगठन व सत्ता के शक्ति केंद्र कहे जाने वाले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के ग्वालियर में अपने शाही वेलकम से काफी खुश नजर आए हैं। शाह को शाही भोज के बहाने केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक तरह से “शक्ति प्रदर्शन’ किया है। इसका उन्हें ग्वालियर-चंबल की राजनीति में खासा वजन भी मिल गया है। 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ महाकाल मंदिर में साथ-साथ नजर आने वाले सिंधिया ने अब गृहमंत्री शाह को भी अपने शाही अंदाज का दीवाना बनाकर अपना मुरीद कर लिया है। इससे उनके विरोधियों की जुबान बंद हो गई है। एक तरह से भाजपा आने के बाद वह लगातार अपना कद बढ़ाते जा रहे हैं।
सिंधिया के महल में रुके और शाही भोज का आनंद लिया
रविवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ग्वालियर में लगभग 4 घंटे 11 मिनट रुके हैं, इनमें से लगभग 1 घंटा 30 मिनट वह सिंधिया के महल में रुके और शाही भोज का आनंद भी लिया। ग्वालियर-अंचल की स्थानीय राजनीति में इस शाही भोज को सिंधिया के शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर अपने संसदीय क्षेत्र कूनो श्योपुर नेशनल पार्क में चीतों के पुनर्वास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आये थे। इन दोनों दिग्गजों के बीच ग्वालियर-चंबल अंचल में वर्चस्व की लड़ाई किसी से छुपी नहीं है।
संगठन में मजबूत पकड़ दिखाने के लिए शाही भोज
एयर टर्मिनल के विस्तार के शिलान्यास के बहाने सिंधिया महल में सत्ता केन्द्र और प्रधानमंत्री के राइट हैंड अमित शाह को जयविलास पैलेसे में शाही भोज पर आमंत्रण देने पर राजनीतिक गलियारे में ऐसी चर्चा है कि इस शाही भोज से स्थानीय राजनीति में सिंधिया की संगठन में मजबूत पकड़ को प्रदर्शित करेगी। जिससे स्थानीय राजनीति के समीकरणों में बड़ा उलट फेर हो सकता है। कांग्रेस में पूरा सम्मान न मिलने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता ली। इसके बाद अपनी दादी राजमाता विजयराजे सिंधिया की राजनीतिक विरासत को संभालने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सारे प्रयास किए। पर भाजपा की सदस्यता लेते ही भाजपा की दूसरी पंक्ति के नेताओं में प्रतिद्वंदिता न चाहकर भी शुरू हो गई है।
