क्वारंटाइन अवधि पूरी, 20 अक्टूबर को बड़े बाड़े में छोड़े जा सकते हैं चीते
श्योपुर. अफ्रीकी देश नामीबिया से श्योपुर जिले के कूनो पालपुर राष्ट्रीय उद्यान में बसाए गए चीतों की क्वारंटाइन अवधि सोमवार को पूरी हो रही है। इसी के साथ चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ने की तैयारी भी शुरू हो गई है। सोमवार को चीता टास्क फोर्स की पहली बैठक हो रही है। जिसमें चीतों को बड़े बाड़ों में छोड़ने का निर्णय लिया जा सकता है। इसके लिए पार्क में पांच हजार वर्गमीटर के पांच बड़े बाड़े बनाए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि 20 अक्टूबर को चीते बड़े बाड़ों में छोड़ दिए जाएंगे। उन्हें शिकार के लिए शाकाहारी वन्यप्राणी भी दिए जाएंगे, ताकि वे जंगल में सामान्य तरीके से रहने के लिए तैयार हो जाएं। क्योंकि मार्च 2023 तक इनमें से कुछ चीतों को जंगल में खुला छोड़ा जाना है। बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि सभी चीतों को एक साथ बाड़े में छोड़ा जाए या नहीं।
ग्वालियर क्षेत्र में देर तक वर्षा चलने से कूनो पार्क के गेट पर्यटकों के लिए रविवार को खोले गए हैं। पार्क प्रबंधन ने बाकायदा पूजा-अर्चना कर गेट खोले। अब पर्यटकों का इंतजार है। हालांकि वे अभी चीते नहीं देख सकेंगे। चीता परियोजना से जुड़े विज्ञानियों का मत है कि पर्यटकों को चीता बाड़े के नजदीक नहीं भेजा जाना चाहिए। इससे चीतों को तनाव हो सकता है। इसलिए पर्यटकों को दूरबीन के जरिए दूर से ही चीते दिखाए जाने चाहिए। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय चीता टास्क फोर्स लेगी। उल्लेखनीय है कि नामीबिया से लाए गए चीतों को 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कूनो पार्क के क्वारंटाइन बाड़े में छोड़ा था।
