त्योहार से पहले महंगाई का झटका, दूध के दाम बढ़े
भोपाल. देश के प्रसिद्ध दुग्ध संघों में से एक अमूल ने शनिवार को एक बार फिर दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। अब एक लीटर फुल क्रीम अमूल दूध (अमूल गोल्ड) के पैकेट के लिए 61 रुपए के बजाय 63 रुपए में आने लगा है। वहीं आधा लीटर दूध की कीमत 30 से बढ़कर 31 रुपए कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि, भैंस के दूध की कीमत में भी 2 रुपए प्रति लीटर की दर से बढ़ोतरी की गई है। बता दें कि, लागू की गई नई दरें मध्य प्रदेश समेत देश के गुजरात राज्य को छोड़कर सभी राज्यों पर आज से प्रभावी हो गई हैं। बताया जा रहा है कि, गुजरात में विधानसभा चुनाव के चलते फिलहाल अमूल ने कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। इससे पहले अगस्त और उससे पहले मार्च में भी प्रति लीटर 2 रुपए बढ़ाए गए थे।
