महाराज को मिले वेटेज से बढ़ीं BJP नेताओं की धड़कनें, महाकाल मंदिर से दिल्ली तक साथ गए सिंधिया
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उज्जैन दौरे पर जिस तरह ‘महाराज’ को तवज्जो मिली, उसने बीजेपी नेताओं की नींद उड़ा दी है। मोदी जब महाकाल मंदिर में पूजा करने गए, तो मुख्यमंत्री और राज्यपाल के अलावा ‘महाराज’ यानी सिंधिया भी उनके साथ गए। जबकि मोदी कैबिनेट में शामिल एमपी के नेता सभास्थल पर पहुंचे।
PM के साथ दिल्ली जाने से प्रदेश के कई नेताओं की धड़कनें बढ़ी
एक सीनियर मिनिस्टर तो कार्यक्रम शुरू होने से करीब 45 मिनट पहले ही पहुंच गए थे। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री दिल्ली लौटे तो महाराज उनके साथ गए, जबकि उनका रात 10 बजे की इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली जाने का कार्यक्रम था। महाराज के प्रधानमंत्री के साथ दिल्ली जाने से प्रदेश के कई नेताओं की धड़कनें बढ़ गईं। यह इसलिए भी क्योंकि महाराज इंदौर पहुंचने के बाद संघ कार्यालय भी गए थे। सिंधिया को वेटेज मिलने से भले ही बीजेपी नेताओं में बेचैनी है, लेकिन उनके समर्थक इसे शुभ संकेत के तौर पर देख रहे हैं। उनके समर्थक एक नेता ने तो यहां तक कहना शुरू कर दिया है- महाराज को मालवा में प्रोजेक्ट करने की तैयारी है।
