GWALIOR में केंद्रीय गृह मंत्री के प्रवास के दौरान सड़क पर नजर नहीं आएंगे आवारा पशु
ग्वालियर. ग्वालियर में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रवास के दौरान सड़क पर आवारा पशु आ गए थे। जिसकी वजह से गडकरी ने प्रशासन व नगरनिगम के अफसरों के प्रति नाराजगी व्यक्त की थी। ऐसे में अब प्रशासन पुरानी गलती को दोहराना नहीं चाहता है। इसलिए 16 अक्टूबर को आने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की यात्रा के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसलिए महाराजपुरा एयरपोर्ट से लेकर मेला मैदान व जयविलास पैलेस के बीच के रास्ते को इस तरह से कवर किया जा रहा है कि सड़क पर आवारा पशु नजर न आएं।
नए एयर टर्मिनल सहित अन्य विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आगामी 16 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर आएंगे। उनके आगमन के दौरान तय रूट पर आवारा पशु नजर नहीं आएं, इसके लिए नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम के मदाखलत अमले को निर्देश दिए गए हैं कि गृह मंत्री के प्रवास के दौरान शहर की सड़कों पर आवारा पशु नजर नहीं आने चाहिए।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने नगर निगम को साफ निर्देश दिए हैं कि आवारा पशु सड़कों पर नजर नहीं आएं। इसको देखते हुए अब मदाखलत अमले ने लगभग 100 कर्मचारियों का अमला लगाकर आवारा पशुओं को पकड़कर लाल टिपारा स्थित गौशाला भेजना शुरू कर दिया है। निगम के पास में तीन हाईड्रोलिक वाहन भी मौजूद हैं, जिनसे पशुओं को वाहन में चढ़ाने में ज्यादा दिक्कत नहीं आती है। इसके अलावा एक अन्य पुराना वाहन भी मौजूद है, जिसे आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
