MP में दशहरे पर बारिश के आसार, भोपाल-इंदौर सहित 21 जिलों में मौसम का पूर्वानुमान
भोपाल. मानसून विदाई से पहले एक बार फिर मध्यप्रदेश को तरबतर करेगा। बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा है। यह सिस्टम ओडिशा और छत्तीसगढ़ के रास्ते MP में प्रवेश करेगा। दशहरे पर भी बारिश के आसार हैं। अक्टूबर में पहली बार यह सिस्टम बना रहा है। इससे 5, 6 और 7 अक्टूबर को प्रदेशभर में जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग ने 21 जिलों में हल्की से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल-इंदौर में झमाझम होने की संभावना है। प्रदेश से मानसून की विदाई अभी तक की स्थिति में 15 अक्टूबर तक या उसके बाद होने की संभावना है।
पूर्वी मप्र यानी रीवा-सतना से प्रवेश करेगा
बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर एरिया के कारण 4 अक्टूबर से MP में बारिश का नया सिस्टम एक्टिव हो जाएगा। यह रीवा-सतना के रास्ते MP में प्रवेश करेगा, इसलिए सबसे पहले 3 अक्टूबर को रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली में ही बारिश होगी। मौसम विभाग ने चारों जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 8 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है। मुख्यत: उतरी इलाकों ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड-बघेलखंड में कहीं-कहीं और पूर्वी मध्यप्रदेश यानी महाकौशल, बुंदेलखंड-बघेलखंड में 2 दिन कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
