भाजपा की बड़ी बैठक में क्या सत्ता -संगठन में बदलाव होने वाला है
भोपाल. पंचायत एवं नगरीय निकाय के चुनाव से फ्री होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। BJP की कोर ग्रुप की बैठक रातापानी में शुरू हो गयी है। जिसमें BJP के कई बड़े नेता शामिल है। हालांकि, बैठक से पत्रकारों को दूर रखा गया है। बैठक से 7 किमी पहले ही पत्रकारों को रोक दिया गया है।
बैठक में शामिल होने के लिये BJP के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल शुक्रवार की शाम को ही भोपाल पहुंच गये थे। वहीं मध्यप्रदेश से 5 केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, वीरेंन्द्र खटीक और फग्गनसिंह कुलस्ते पहुंचे है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव जयभानसिंह पवैया ने कहा है कि बैठक में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसलिये एकांत में रखी गयी है।
PM के दौरे को लेकर चर्चा
11 अक्टूबर को उज्जैन में श्री महाकाल लोक के लोकार्पण समारोह में आ रहे PM नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर इस बैठक में रणनीति बनेगी। बीजेपी का प्रयास है कि पीएम के इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के हर गांव में धार्मिक माहौल तैयार किया जाए। 11 अक्टूबर को शाम 6-30 बजे से गांवों के मंदिरों पर भजन-कीर्तन, दीप प्रज्ज्वलन जैसे कार्यक्रमों के आयोजित करने के साथ ही उज्जैन के कार्यक्रम का Live प्रसारण किया जाए। ताकि, उज्जैन में नवनिर्मित महाकाल लोक की विशेषताओं को लोग जान सकें और पीएम के कार्यक्रम काे लोग गांवों में देख सकें। स्थानीय कार्यकर्ताओं को लोकल लेवल पर टीवी, एलसीडी स्क्रीन के अलावा प्रोजेक्टर पर पीएम के कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने के लिए इंतजाम करने को कहा गया है।
निगम-मंडलों में नियुक्तियों पर चर्चा
मप्र में BJP के सामने पांचवीं बार सरकार बनाने के लिए कई चुनौतियां हैं। BJP में कई सीनियर नेता गण अभी भी राजनीतिक पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। मप्र सरकार में तमाम निगम-मंड़लों में पद खाली पड़े हुए हैं। मंत्रिमंड़ल में शामिल होने के इंतजार में बैठे विधायकों के अलावा सीनियर नेताओं को भी इनमें एडजस्ट किया जाएगा। पंचायत और नगरीय निकाय के चलते निगम-मंड़लों की नियुक्तियां अटक गईं थीं। आज कोर ग्रुप की बैठक में निगम-मंड़ल में एडजस्ट होने वाले नेताओं के नामों पर भी चर्चा की जाएगी।
सिंधिया के निवास पर बैठक
देर शाम नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया साथ भोपाल आए. जिसके बाद सिंधिया के निवास पर बैठक हुई. जिसमें सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे. वहीं सीएम हाउस में देर रात तक बैठक हुई. इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी क्षेत्रीय संगठन मंत्री और प्रदेश संगठन मंत्री मौजूद रहे.
ये नेता बैठक में शामिल
आज रातापानी में होने वाली बैठक में BJP के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा कैलाश विजयवर्गीय, जयभान पवैया, नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, कविता पाटीदार, आदि शामिल होंगे.
