स्व. माधवराव सिंधिया की 21वीं पुण्यतिथि पर अर्पित की पुष्पांजलि
ग्वालियर. शुक्रवार (30 सितंबर) को पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया की 21वीं पुण्यतिथि पर उन्हें छत्री पहुंचकर कांग्रेस और भाजपा नेता दोनों ने पुष्पांजलि अर्पित की। सुबह मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचीं। हालांकि इस दौरान भाजपा के कोई बड़े नेता नजर नहीं आए। कांग्रेस की ओर से पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार, ग्वालियर पूर्व से विधायक डॉ. सतीश सिकरवार व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा पहुंचे। विदेश में होने के चलते ज्योतिरादित्य सिंधिया नहीं आ सके।
स्व.सिंधिया की 21 वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार की सुबह नदी गेट स्थित उनके प्रतिमा स्थल पर शहरवासियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। सुबह मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भाई को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा- स्व.माधवराव ने जिस प्रकार से लोगों के लिए कार्य किए, उन्हीं कार्यों ने उन्हें लोगों के दिल में जगह दी। वह ग्वालियर के ही चहेते नहीं, बल्कि जननायक थे। उनके असमय छोड़कर चले जाने से सभी को पीड़ा हुई थी और वह समय कोई भुला नहीं सकेगा, लेकिन उनके सपने और कार्यों को आगे बढ़ाकर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
इस मौके पर पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने कहा कि स्व.माधव राव सिंधिया ने ग्वालियर को विकास की मुख्य धारा में शामिल किया और एक नई पहचान दिलाई। उनके प्रयास से ग्वालियर शिक्षा और क्रिकेट के क्षेत्र में तेजी से उभरा है। मालनपुर और बानमोर में बड़े उद्योग केन्द्रों को स्थापित कर ग्वालियर को विकास की मुख्यधारा में शामिल किया। इसके अलावा कांग्रेस से महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने माधवराव की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर कहा कि वह जननायक थे। ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवा ने भी पुष्प चढ़ाकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।
