MP में मंत्री-सांसद रोकते रहे, MLA बोलते रहे, CM के पास बैठे तो मंत्री ने उठा दिया
राजगढ़. राजगढ़ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंच पर उस वक्त सियासी ड्रामा देखने को मिला, जब राजगढ़ के कांग्रेस विधायक बापू सिंह तंवर मंच से भाषण दे रहे थे। उन्होंने मंच पर शिवराज सिंह के सामने पूर्व CM कमलनाथ की जमकर तारीफ कर दी, साथ ही जिस मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन करने सीएम शिवराज सिंह यहां आए थे, उसे मंजूर करने का श्रेय कमलनाथ को दिया।
कांग्रेस MLA का भाषण रोकने मंत्री–सांसद पीछे खड़े हो गए
खास बात ये है कि कांग्रेस विधायक बापू सिंह तंवर जब भाषण दे रहे थे, तब उनके 2 मिनट के भाषण में जिले के प्रभारी मंत्री मोहन यादव और सांसद रोडमल नागर उन्हें रोकते-टोकते रहे। उन्हें करीब 6 बार रोकने की कोशिश की, कांग्रेस विधायक का भाषण जल्द खत्म कराने के लिए सांसद और प्रभारी मंत्री उनके पीछे खड़े हो गए। लेकिन कांग्रेस विधायक नॉनस्टॉप बोलते रहे।
मंत्री ने कांग्रेस विधायक को कुर्सी से उठाया
कांग्रेस विधायक बापू सिंह तंवर अपनी बात पूरी कर सीधे सीएम शिवराज के पास ही कुर्सी पर बैठकर उनसे चर्चा करने लगे, वे सीएम को स्थानीय समस्याएं बताने लगे, तभी मंत्री मोहन यादव ने उन्हें कुर्सी से उठा दिया और सीएम के पास खुद बैठ गए। ये वाकया बुधवार को सीएम शिवराज सिंह के राजगढ़ दौरे के दौरान हुआ।
