ग्वालियर में दशहरे की तैयारी, शहर में इस बार रावण के 5 हजार से अधिक पुतले जलेंगे
ग्वालियर. कोरोना के कारण बीते दो साल दशहरे पर बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले कम जलाए गए थे, लेकिन इस बार इनके शहर में 5 हजार से अधिक पुतले जलाए जाएंगे। छप्पर वाला पुल के पास पुतले बेचने वाले व्यापारी शेर सिंह का कहना है कि उनके द्वारा करीब एक हजार पुतले बनाने का काम इन दिनों किया जा रहा है। इन पुतलों की ऊंचाई 3 से 20 फीट तक है।
50 रुपए से लेकर 3 हजार रुपए तक पुतले की कीमत है। पुतला व्यापारी अशोक कुमार ने बताया कि वे करीब 400 रावण के पुतले बना रहे हैं। सबसे छोटा रावण 1 फीट व बड़ा 20 फीट ऊंचा है, रावण की कीमत ग्राहक की मांग के मुताबिक होगी, जो 50 रुपए से 5 हजार के बीच होगी। रावण में आतिशबाजी ग्राहक को अलग से लगवानी पड़ेगी।
शताब्दीपुरम में जलेगा 65 फीट का रावण का पुतला
चेतना मंच द्वारा 5 अक्टूबर को दशहरा मैदान शताब्दीपुरम में दशहरा समारोह आयोजित होगा। इसमें 65 फीट का रावण का पुतला जलाया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि यह शहर का सबसे बड़ा रावण दहन होगा। चेतना मंच के संरक्षक चेयरमेन बीज विकास निगम मुन्नालाल गोयल, अध्यक्ष दीपक तोमर, महासचिव बृज किशोर दीक्षित ने बताया कि समारोह में मुख्य आकर्षण रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका ’’राम कथा’’ की डेढ़ घंटे की प्रस्तुति होगी। जिसमें स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रद्युम्न सिंह तोमर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीज विकास निगम के चेयरमेन मुन्नालाल गोयल करेंगे।
