PFI पर छापे:शाहीन बाग से 30 लोग हिरासत में, MP से 22 और UP से 16 लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और ईडी ने मंगलवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कई ठिकानों पर छापेमारी की। दिल्ली के शाहीन बाग में NIA ने रेड करके PFI से जुड़े 30 लोगों को हिरासत में लिया है। शाहीन बाग में इस एक्शन के बाद केंद्रीय पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। वहीं महाराष्ट्र के औरंगाबाद से 8, कर्नाटक के कोलार से 6 और असम से 7 PFI कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया है। NIA और 9 राज्यों की ATS एक साथ एक्शन में है।
दिल्ली के शाहीन बाग में छापा, 30 को हिरासत में लिया
दिल्ली के शाहीन बाग में NIA की टीम ने मंगलवार सुबह छापा मारकर 30 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ के बारे में NIA को पुख्ता सूचना मिली थी, जबकि कुछ को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। इस एक्शन के दौरान पूरे शाहीन बाग में केंद्रीय सुरक्षा बल CRPF की तैनाती कर दी गई है। शाहीन बाग में ही CAA-NRC के खिलाफ कई महीने तक लगातार प्रदर्शन हुआ था।
उत्तर प्रदेश ATS ने तीन शहरों से 16 लोगों को पकड़ा
उत्तर प्रदेश ATS ने मंगलवार सुबह गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर में छापेमारी कर 16 लोगों को उठाया है। गाजियाबाद से 12, मेरठ से 3 और बुलंदशहर से 1 संदिग्ध को उठाया है। ATS को इनपुट मिले हैं कि ये सभी PFI यानी पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़े हुए हैं। ATS ने यह कार्रवाई सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की है। ATS ने बुलंदशहर में पीएफआई से जुड़े वकील को भी उठाया है।
मध्य प्रदेश में 8 जिलों से PFI के 22 संदिग्ध पकड़े गए
मध्यप्रदेश ATS ने सोमवार रात भोपाल, उज्जैन, इंदौर समेत 8 जिलों में PFI सदस्यों के ठिकानों पर रेड की है। जांच एजेंसी ने 22 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ATS को इन संदिग्धों की जानकारी पूर्व में पकड़े गए 4 आरोपियों की पूछताछ में मिली थी। ATS (एंटी टेररिज्म स्क्वायड) की कार्रवाई अभी जारी है। उज्जैन से PFI के तीन सदस्यों को उठाए जाने की खबर है।
