विश्व पर्यटनदिवस-मितावली-पड़ावली, शनिश्चरा और बटेश्वर को संवारने की तैयारी, एक जगह शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो

ग्वालियर. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये ग्वालियर-चंबल संभाग में मप्र पर्यटन विभाग की तरफ से पहल शुरू हो गयी है। यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये 12 स्थानों को चिन्हित किया गया है। जहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिये सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा। इनमें मितावली, पड़ावली, बटेश्वर, ककनमठ, नरेसर, पवाया, शनि, देवखो, भदावना, तिघरा, रमौआ, नलकेश्वर आदि शामिल किये गये हैं। विभाग इन स्थानों पर स्थित ऐतिहासिक विरासत पर क्यूआर कोड लगायेगा। जिससे पर्यटकों को जानकारी मिल सके और इसके अलावा शनिश्चरा, मितावली, पड़ावली और बटेश्वर में लाइट एंड साउण्ड शो की संभावनाओं को तलाशेगा।
12 पर्यटक स्थानों को संवारेगा पयर्टन विभाग
मितावली-पड़ावली और बटेश्वर
यह तीनों ही ऐतिहासिक स्थलों एक सर्किट में आते हैं। इन स्थानों पर कम्यूनिटी सेंटर, कैफेटेरिया आदि बनाये जा रहे हैं और साथ ही यहां के इतिहास को बताने के लिये लाइट एवं साउंड शो शुरू करने की प्लानिंग की जा रही है।

तिघरा जलाश्य
यहां मध्यप्रदेश टूरिज्म का बोट क्लब संचालित किया जा रहा है। यहां पैडल वोट, स्पीड वोट के साथ अब क्रूज भी आ गया है। बोर्ड अब क्रूज पर पार्टी के लिये बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने जा रहा है। इसमें लोग यहां पार्टी क्रूज पर कर सकेंगे।

रमौआ डेम
रमौआ डेम को नया टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने की प्लानिंग की जा रही है पर्यटन विभाग इसे तिघरा की तरह यहां भी वोट क्लब बनाने की प्लानिंग कर रहा है। इससे मुरार, सिटीसेंटर आदि के लोग पिकनिक के साथ-वाटर स्पोटर््स का भी आनंद ले सकेंगे।

शनिमंदिर
यहां प्रभु शनि का प्राचीन मंदिर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां अब आने लगे हैं। इसलिये यहां मप्र टूरिज्म की तरफ से हस्तशिल्प बाजार बनाया जायेगा। जहां ग्रामीण अपनी कलाकृतियों के स्टॉल लगायेंगे और साथ ही यहां कैफेटेरिया शुरू किया जायेगा।
पर्यटन स्थलों के रिपोर्ट के मुताबिक प्लानिंग करेंगे
इन सभी स्थलों के जिला कार्यालयों से रिपोर्ट मांगी गयी है कि इन स्थलों पर क्या-क्या सुविधायें होनी चाहिये और साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिये भी बोर्ड की तरफ से पुष्ता इंतजाम किये जायेंगे। इन स्थलों पर पर्यटकों को बुनियादी सुविधाओं के साथ क्यूआर कोड की सुविधा भी शुरू की जायेगी। इसके अलावा एक स्थान पर लाइट एंड साउंड शो को पीपीपी मोड पर शुरू किया जायेगा।
शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव, पर्यटन विभाग
