गरबा आयोजक सभी लोगों के पहचान पत्र की जांच करें- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

भोपाल. प्रदेश में होने वाले गरबा को लेकर संस्कृति उषा ठाकुर के बाद गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आयोजक सभी लोगों के पहचान पत्र की जांच करें। पहचान पत्र दिखाना सबके लिए आवश्यक है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति का निर्माण न हो। पूजा के लिए सभी आ सकते हैं और माता की आराधना कर सकते हैं। इंदौर, भोपाल सहित अन्य शहरों में मंगलवार से अलग-अलग स्थानों पर गरबा का आयोजन होना है। इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान छुपाकर न आए। पहचान पत्र लेकर आएं। आयोजकों की भी यह जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक व्यक्ति के पहचान पत्र की जांच करें। गृह मंत्री ने कहा कि यह शक्ति की आराधना का पर्व है। पूजा के लिए सभी आ सकते हैं पर पहचान बतानी होगी।

ड्रोन कैमरों से होगी गरबा स्थलों की निगरानी
नवरात्र के साथ प्रदेश भर में शुरू हुए गरबा उत्सव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ड्रोन कैमरों से गरबा स्थलों की निगरानी की जाएगी। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया जाएगा। पुलिस की गश्त भी तेज की जाएगी। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एडीजी, आइजी, डीआइजी, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया जैसे फेसबुक, वाट्सएप आदि पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले मैसेज, पोस्ट पर निगाह रखें। आपात स्थिति के लिए रिजर्व बल और बलवा ड्रिल उपकरणों के साथ वाहन तैयार रखें। आमजन, जन प्रतिनिधि और विभिन्न समुदाय के प्रमुख लोगों से संवाद बनाएं और लगातार संपर्क में रहें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *