कूनों में आये चीतों का एक सप्ताह पूरा, नामीबिया से हो रही है मॉनीटरिंग, माहौल में हो रहे एडजस्ट

श्योपुर. कूनो नेशनल पार्क में पिछले 17 सितम्बर को पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा छोड़े गये 8 चीतों को एक सप्ताह पूरा हो चुका है। चीते अपने नये घर कूनो में एडजस्ट होने लगे हैं। चीतों का वायटल पैरामीटर सामान्य है। उन पर 3 नामीबियाई विशेषज्ञों समेत 5 वेटेरियन निगरानी रख रहे हैं। चीतों को खान में भैंस का गोश्त दिया जा रहा है। चीते भरपूर नींद लेकर बाड़े में चहलकदमी कर रहे हैं। पार्क प्रबंधन चीतों के सामान्य व्यवहार से संतुष्ट है। चीतों की मॉनीटरिंग नामीबिया से की जा रही है। पार्क प्रबंधन पलप ल नजर रखकर रिपोर्ट प्रतिदिन केन्द्र सरकार को भेज रहे हैं।

2 विशेषज्ञ 3 दिन पूर्व लौट चुके हैं
कूनो नेशनल पार्क में एक सप्ताह पूर्व नामीबिया से पहुंचे 8 चीते नये वातावरण में फिट हो रहे है। नामीबिया से आये 5 विशेषज्ञों में से 2 विशेषज्ञ 3 दिन पूर्व लौट चुके हैं। लेकिन 3 विशेषज्ञ डॉ. एलाय, डॉ. बाट और डॉ. एना चीतों के स्वास्थ्य से लेकर उनके खान-पान का पूरा ध्यान रख रहे हैं। इन विशेषज्ञों के साथ माधव नेशनल पार्क के वेटेरियन डॉ. ओमकार अचल और डॉ. जितेन्द्र जाटव भी चीतों की देखभाल कर रहे हैं।
यह टास्क फोर्स लगातार कूनो नेशनल पार्क में चीतों के व्यवहार और बदलाव पर नजर रखे हुए हैं। एक वीक पूरा होने के बाद टास्क फोर्स ने रिपोर्ट बनाना शुरू कर दिया है। टास्क फोर्स की रिपोर्ट पर यह भी तय होगा कि क्वारंटाइन बाड़े से चीतों को बड़े बाड़े और फिर जंगल में खुला कब छोड़ा जाना हैं। इसके अलावा पार्क में पर्यटना शुरू करने और उसे व्यवस्थित करने का निर्णय भी इस फोर्स के सदस्य लेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि चीता देखने आने वाले पर्यटकों के लिये जनवरी 2023 से पार्क खोला जा सकता है।
चीतों के लिये बनाया टास्क फोर्स, चीतों के बदलाव पर नजर
कूनो नेशनल पार्क में चीतों के बदलाव और व्यवहार पर बारीकी से नजर रखने के लिये केन्द्र सरकार द्वारा टास्क फोर्स का गठन किया गया है जिसमें प्रमुख सचिव, वन अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव पर्यटन शिवशेखर शुक्ला, एनटीसीए के आईजी डॉ. अमित मलिक, प्रदेश के वन बल प्रमुख आरके गुप्ता, प्रधान मुख्य वन संरक्षक जेएस चौहान और राज्य वन्य प्राणी बोर्ड के मेम्बर अभिलाष खांडेकर शामिल किये गये हैं। वहीं, वन्यप्राणी मुख्यालय में पदस्थ अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक शुभरंजन सेन को टास्क फोर्स का संयोजक सदस्य बनाया गया है।
कूनो नेशनल पार्क के डीएफओ प्रकाशकुमार वर्मा ने कहा है कि चीतों में पहले दिन से ही एक्टिवनेस देखी जा रही हैै। इनमें 5 मादा और 3 नर चीते हैं। जिन्हें 6 अलग-अलग बाड़ों में रखा गया है। इनमें 2 बाड़ों में 2-2 चीते क्वारंटाइन किये गये हैं। जबकि 4 बाड़ों में 1-1 चीते को रखा गया है। कूनो के डीएफओ वर्मा ने बताया है कि चीतों के हेल्थ चेकअप से लेकर उन्हें भोजन देने की व्यवस्था में 3 नामीबियाई वेटेरियन और 2 माधव नेशनल पार्क के वेटेरियन लगे हैं। कूनो नेशनल पार्क में चीतों को आये एक सप्ताह पूरा हो चुका है। चीते अब धीरे-धीरे यहां के वातावरण में एडजस्ट होने लगे हैं।

