ग्वालियर में बढ़ा डेंगू का खतरा,सीजन में पहली बार 51 सैंपल में से 14 मरीजों को निकला डेंगू
ग्वालियर. ग्वालियर में लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह बरसाती पानी से भरे गड्ढे और उनमें पनपते मच्छरों से एक बार फिर शहर पर डेंगू का खतरा मंडराने लगा है। सीजन में पहली बार एक साथ 14 लोगों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। 51 सैंपल की जांच में 14 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 8 लोग ग्वालियर शहर के हैं। शेष 6 आसपास के शहरों से है जो ग्वालियर में भर्ती हैं। इसके अलावा जयारोग्य अस्पताल की OPD में डेंगू, मलेरिया संदिग्ध मरीजों की लंबी-लंबी लाइन लगी है। वायरल फीवर के भी मरीज काफी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं।
डेंगू पॉजिटिव की संख्या 99 पर पहुंची
शहर में मिले 8 डेंगू मरीजों को मिलाकर ग्वालियर में अब डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 99 पर पहुंच गई है। इसके अलावा 20 मरीज दूसरे जिलों के भी अब तक मिल चुके हैं। मलेरिया विभाग की टीम शुक्रवार को डेंगू पीड़ित मरीजों के घर जाकर एंटी लार्वा एक्शन प्लान चलाएगी। इस सीजन में चिकनगुनिया का भी एक मरीज पिछले दिनों मिला था।
OPD में संदिग्ध मरीजों की लंबी लाइनें
इस समय जेएएच की ओपीडी में डेंगू संदिग्ध मरीजों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। इसके अलावा ओपीडी में वायरल फीवर, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी काफी तादाद में पहुंच रही है।
डॉक्टर बोले-पानी जमा न होने दें पूरी बांह के कपड़े पहनें
GRMC (गजराराजा मेडिकल कॉलेज) के मेडिकल विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप प्रजापति का कहना है कि डेंगू से बचने के लिए मच्छरों से बचाव रखें। पूरी बांह के कपड़े पहनें और घर के आसपास बारिश का पानी जमा न होने दें। कूलर को सात दिन में एक बार खाली करके दोबारा भरें।
