ग्वालियर पुलिस ने जयपुर में पकड़ा इंटरस्टेट फर्जी काल सेंटर

ग्वालियर. जयपुर में बैठकर मध्यप्रदेश सहित देशभर के शहरों के लोगों को ठगने के अड्डे पर ग्वालियर पुलिस ने छापा मारा है। ग्वालियर पुलिस ने करीब एक महीने की पड़ताल के बाद जयपुर में फर्जी काल सेंटर पकड़ा है। यहां से बिहार का रहने वाला एक ठग भी दबोचा गया है। जिससे पूछताछ चल रही है। ग्वालियर पुलिस की टीम उसे लेकर ग्वालियर आ रही है। पूछताछ में उससे ठगी की कई वारदातों का पर्दाफाश हो सकता है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि उसने ग्वालियर, भोपाल, इंदौर सहित दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों को भी ठगा है। वह और उसके साथी फर्जी काल सेंटर से लोगों को फोन करते थे। ओटीपी पूछने के बहाने, केवायसी अपडेट करने का झांसा देकर ठगी करते थे।

दरअसल ग्वालियर के रहने वाले एक युवक से डेढ़ लाख रुपए की ठगी हुई थी। उसके पास अंजान नंबर से फोन आया था, उसने बैंक खाता नंबर सहित अन्य जानकारी दे दी। इसके बाद उसके खाते से करीब डेढ़ लाख रुपए निकल गए। युवक ने एसएसपी अमित सांघी से शिकायत की थी। एसएसपी सांघी ने क्राइम ब्रांच को एफआइआर के निर्देश दिए। क्राइम ब्रांच ने एफआइआर दर्ज कर पड़ताल शुरू की। क्राइम ब्रांच की सायबर सेल पड़ताल कर रही थी। सायबर सेल की टीम ने करीब एक महीने तक पड़ताल की। इसके बाद सुराग मिला कि जयपुर से यह ठगी हुई है। टीम बीते रोज जयपुर पहुंची, यहां जब टीम पहुंची तो फर्जी काल सेंटर ही पकड़ लिया। जहां से देशभर में ठगी हो रही थी। जयपुर में पुलिस ने एक आरोपित पकड़ लिया, यह बिहार का रहने वाला है। जयपुर में किराए से रहता था, अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी काल सेंटर चला रहा है और ठगी कर रहा है। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है, उसे टीम लेकर ग्वालियर के लिए रवाना हो गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *