ग्वालियर में 1500 बिस्तर के काम में देरी पर कंपनी भरेगी 22 करोड़ जुर्माना

ग्वालियर. 1500 बिस्तर अस्पताल का निर्माण समय पर पूरा नहीं हो सका है। इस कारण पीआईयू ने राजकोट गुजरात की निर्माण कंपनी जेपी स्ट्रक्चर्स पर एक करोड़ प्रति दिन के हिसाब से जुर्माना लगाया है। पीआईयू ने 31 अगस्त के बाद से हर दिन एक करोड़ का जुर्माना लगाने का पत्र कंपनी प्रतिनिधि को थमा दिया। कंपनी को आगामी 22 सितंबर तक कुल 22 करोड़ रुपये जुर्माना देना होगा। साथ ही निर्देश दिए है कि यदि 22 सितंबर तक अस्पताल का निर्माण पूरा कर गजरा राजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) के सुपुर्द नहीं किया गया तो जुर्माना की राशि बढ़ाई जाएगी।

कंपनी ने झोंकी ताकत
अगले 12 दिन में अस्पताल का निर्माण पूरा करने के लिए कंपनी द्वारा करीब एक हजार मजदूरों से दिन-रात काम कराया जा रहा है। अस्पताल में रंगाई-पुताई से लेकर फाल सीलिंग, सफाई, प्लास्टर, इलेक्ट्रीकल, फायर सेफ्टी आदि काम तेजी से किया जा रहा है। पीआइयू के पत्र में उल्लेख किया गया कि संभागायुक्त की बैठक में कंपनी की कार्ययोजना का अवलोकन किया गया। इसमें पता चला कि कंपनी द्वारा जो भी तिथि बताई गई थी, उसमें कार्य पूरा नहीं किया जा सका। 31 अगस्त 2022 को अस्पताल तैयार कर सुपुर्द करना था। अब हर हाल में 22 सितंबर तक काम पूरा कर अस्पताल की सुपुर्दगी जीआरएमसी को देना होगी।

जुर्माना लगाने का आदेश प्राप्त हुआ है। काम में तेजी लाने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई है, सितंबर में काम पूरा कर अस्पताल सुपुर्द करना है। काम तेजी से चल रहा है, समय पर काम पूरा कर लिया जाएगा।
विशाल पटेल, कार्यप्रभारी जेपी स्ट्रक्चर प्रा.लि. गुजरात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *