2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा
नई दिल्ली. भाजपा ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार शाम दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अमित शाह और जेपी नड्डा की अगुवाई में बड़ी बैठक हुई। केंद्रीय मंत्रियों समेत तमाम बड़े नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में अमित शाह ने पिछले चुनावों से अधिक सीटें जीतने की बात कही। साथ ही ऐसी 144 लोकसभा सीटों की रणनीति पर मंथन हुआ, जहां भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा है। नड्डा और शाह के साथ बैठक में भूपेंद्र यादव, गिरिराज सिंह, स्मृति ईरानी, पुरुषोत्तम रूपाला और गजेंद्र सिंह शेखावत सहित 25 से अधिक केंद्रीय मंत्री बैठक में शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न मंत्रियों और उनके विभागों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। ये वे मंत्री थे जिन्हें अन्य नेताओं के अलावा तीन से चार लोकसभा सीट की जिम्मेदार सौंपी गई हैं। पार्टी बूथ स्तर पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर जोर देगी। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों पर पार्टी की नजर रहेगी। नेता इन योजना का लाभ विभिन्न समुदायों तक पहुंचने के लिए काम करेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि वे नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों के अलावा इसी तर्ज पर काम करना जारी रखेंगे।
बैठक में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर कोई भी सीट जीती जा सकती है। साथ ही उन्होंने संगठन के महत्व पर जोर दिया। शाह ने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत होना चाहिए, क्योंकि संगठन है तो हम हैं। आज की बैठक में जिन 144 निर्वाचन क्षेत्रों पर चर्चा हुई, उनमें से अधिकांश में वे शामिल हैं जो पार्टी 2019 के चुनावों में हार गई थी। बता दें, 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 303 सीटें जीती थीं। पार्टी ने 144 सीटों को समूहों में विभाजित किया है और एक केंद्रीय मंत्री को अपना प्रभारी नियुक्त किया है।
