दो-दो मंत्रियों को ग्रुप में तीन-चार जिलों का प्रभार:सिसोदिया- डंग को भोपाल, सीहोर की जिम्मेदारी
भोपाल. मप्र में दो मंत्रियों के समूह सरकारी योजनाओं से हितग्राहियों को जोड़ने का काम करेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दो-दो मंत्रियों को तीन- चार जिलों की ग्रुप में जिम्मेदारी दी है। ये मंत्री अपने प्रभार के जिले के साथ इन जिलों में जाकर हितग्राहियों से मिलकर सरकारी योजनाओं की जानकारी और फीडबैक लेंगे। दो – दो मंत्रियों के समूह आवंटित जिलों का दौरा करेंगे। जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पात्र व्यक्तियों को हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लेंगे। मंत्रीगण गरीब बस्तियों में जाकर वहां की स्थिति देखेंगे ।इसके साथ ही वे बुद्धिजीवियों से भी चर्चा करेंगे। जन सामान्य को जागरूक करने, योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन व शासकीय गतिविधियों में कमी या दोष पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही भी मंत्री समूह द्वारा की जाएगी।
प्रभार के जिले की व्यवस्था पर नहीं पडे़गा असर
दो-दो मंत्रियों के समूह में जिलों की जिम्मेदारी सिर्फ 17 सितंबर पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरु हो रहे मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान तक ही रहेगी। 17 सितंबर से 31 अक्टूबर तक मंत्रियों के समूह इन जिलों में काम करेंगे। इसके बाद मंत्री अपने प्रभार के जिलों में पहले की तरह जिम्मेदारी संभालेंगे। यह व्यवस्था इसी अभियान के क्रियान्वयन और निगरानी के लिए बनाई गई है।
मंत्री ही तय करेंगे अपने साथियों का काम
सीएम शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर बनाए गए मंत्रियों के ग्रुप के कामकाज की रूपरेखा भी मंत्रियों के समूह ही तय करेंगे। मंत्रियों के चार प्रकार के समूह बनाए गए हैं जो मंत्रियों के कामकाज की रूपरेखा तैयार करेंगे।
