राहुल गांधी के अहमदाबाद में चुनाव प्रचार से पहले गुजरात युवक कांग्रेस अध्‍यक्ष ने दिया इस्‍तीफा

अहमदाबाद. कांग्रस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी सोमवार को अहमदाबाद में विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। कांग्रेस के निशाने पर महंगाई, बेकारी, मादक पदार्थों की तस्करी रहेगी। राहुल गांधी आश्रम में प्रार्थना सभा में भी शिरकत करेंगे। इससे पहले राहुल की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए गुजरात युवक कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथसिंह वाघेला ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इससे पहले करीब छह माह पूर्व फरवरी 2022 में द्वारिका में हुए चिंतन शिविर में शामिल होने गुजरात आए थे। पार्टी की ओर से द्वारिका संकल्प पत्र की घोषणा के साथ ही उन्होंने गुजरात में पांच मजबूत युवा नेताओं की तलाश पर जोर दिया था लेकिन उनकी गुजरात यात्रा के ठीक एक दिन पहले गुजरात युवक कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वनाथसिंह वाघेला ने पार्टी नेताओं पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। वाघेला ने कहा कि 18 साल पहले एनएसयूआई के जरिए वे कांग्रेस परिवार में शामिल हुए, करीब 18 साल पार्टी में विवध पदों पर काम किया।

पार्टी में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल एवं प्रियंका गांधी के फोटो लगाकर राजनीति हो रही है, पार्टी नेताओं में गुटबाजी है पार्टी में परिवारवाद हावी है। विश्वनाथसिंह का आरोप है कि उनके युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के बाद वे प्रदेश के कई बडे नेताओं के निशाने पर आ गये। उनके कामों में अडंगेबाजी होने लगी तथा काम करने से ही रोका जाने लगा। उन्होंने राहुल गांधी पर यह आरोप लगाया कि दिल्ली में युवक कांग्रेस की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती व पुण्यतिथि का कार्यक्रम आयोजित किया गया लेकिन राहुल के पास उसमें आने के लिए समय नहीं था। उनका यह भी आरोप है कि कांग्रेस में एनएसयूआई से लेकर, कांग्रेस, युवक कांग्रेस में जो भी पद मिले उसके बदले उनसे लाखों रु लिये गये। पार्टी को अब तक वे पौने दो करोड रु दे चुके हैं, गुजरात कांग्रेस में कुछ परिवार पार्टी पर हावी हैं जो किसी को आगे नहीं बढने देते। कांग्रेस में रहकर समाज व देश सेवा का काम करना मुश्किल है। उन्होंने वरिष्ठ नेता गुलामनबी आजाद समेत कई बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं को पार्टी छोडने पर मजबूर किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *