राहुल बोले हमारी यात्रा सच बताने के लिए, आज दो हिंदुस्तान एक गरीबों और दूसरा उद्योगपतियों का, आज इन्हीं दो देशों में लड़ाई

नई दिल्ली. देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने हल्ला बोल रैली की। इसमें राहुल ने कहा कि देश में मीडिया, प्रेस और इंस्टीटयूशन सरकार के दबाव में हैं। ऐसे में हमारे पास जनता के बीच जाकर सच बताने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। राहुल ने कहा कि देश के 10-15 अमीर लोग जो सपना चाहें, देख सकते हैं। गरीबों के साथ ऐसा नहीं है, लेकिन यह देश उद्योगपतियों का नहीं, गरीबों का है।

महंगाई और बेरोजगारी का डर
राहुल गांधी ने कहा- नफरत डर का एक रूप है। जिसको डर होता है, उसी के दिल में नफरत पैदा होती है। हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है। भविष्य का डर, महंगाई का डर, बेरोजगारी का डर बढ़ता जा रहा है। इसके कारण हिंदुस्तान में नफरत बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि नफरत से लोग बंटते हैं, देश बंटता है और कमजोर होता है। भाजपा और संघ के नेता देश को बांटते हैं भय पैदा करते हैं। लोगों को डराते हैं और नफरत पैदा करते हैं। सवाल उठता है कि किसके लिए करते हैं और क्यों करते हैं। इस नफरत का फायदा किसको मिल रहा है। इसका पूरा फायदा हिंदुस्तान के दो उद्योगपति उठा रहे हैं।

विरोधियों को सरकार ED, CBI से डराती है
रैली में राहुल बोले- अभी किसी ने कहा कि मोदीजी प्रधानमंत्री हैं। लेकिन, उन दो उद्योगपतियों के बिना, मीडिया के समर्थन के बिना मोदीजी प्रधानमंत्री नहीं हो सकते हैं। मीडिया हो, प्रेस हो, इंस्टीटयूशन हों, सब पर सरकार दबाव डाल रही है। हमारी यात्रा की क्या जरूरत है, हमारे पास कोई और रास्ता नहीं है। हमें जनता के बीच जाना होगा। हमें उन्हें देश की सच्चाई बतानी होगी। जो भी मोदीजी के खिलाफ काम करना चाहता है, कोई भी हो, विपक्षी हो, एक्टिविस्ट हो, NGO हो उस पर ED, CBI, इनकम टैक्स सब लगा दिए जाते हैं।

ED मुझे 5 साल बैठाएं तो भी नहीं डरूंगा
रैली में राहुल ED की पूछताछ पर भी बोले। राहुल ने कहा- 55 घंटे मुझे ED ने बैठाकर रखा। एक बात समझाना चाहता हूं मोदीजी को कि मैं आपकी ED से नहीं डरता, मुझे फर्क नहीं पड़ता। आप 55 घंटे करो, 500 घंटे करो या 5 साल करो, मुझे फर्क नहीं पड़ता। संविधान देश की आत्मा है और आज इसको बचाने का काम हर हिंदुस्तानी नागरिक को करना पड़ेगा। अगर हमने यह नहीं किया, आज नहीं खड़े हुए तो फिर यह देश नहीं बचेगा। ये देश संविधान है, ये जनता की आवाज है, ये देश जनता का भविष्य है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *