एलीवेटेड रोड़ का 15 सितम्बर को मुख्यमंत्री व केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी और केन्द्र व राज्य के मंत्रिगणों की मौजूदगी में होगा भूमिपूजन
ऊर्जा मंत्री ने भूमिपूजन समारोह के लिये प्रस्तावित स्थल का लिया जायजा
ग्वालियर सुनियोजित विकास में नए एवं ऐतिहासिक प्रतिमान के रूप में जुड़ने जा रहे एलीवेटेड मार्ग का भूमिपूजन 15 सितम्बर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित राज्य सरकार के मंत्रिगण लगभग 447 करोड़ रूपए की लागत से बनने जा रहे इस एलीवेटेड रोड़ का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस अड्डा) की आधारशिला भी रखेंगे।
शुक्रवार को ट्रिपल आईटीएम के सामने निर्माणाधीन दिव्यांग स्टेडियम के समीप स्थित खेल मैदान पहुँचे। इसी मैदान पर एलीवेटेड रोड़ एवं आईएसबीटी का भूमिपूजन समारोह आयोजित करने की सहमति बनी है।
स्वर्ण रेखा पर 6 किमी लम्बाई में बनेगा एलीवेटेड रोड़
शहर के बीच से होकर बह रही स्वर्ण रेखा नदी पर एलीवेटेड रोड़ बनने जा रहा है। ऐलीवेटेड रोड़ का निर्माण लगभग 447 करोड़ रूपए की लागत से होगा। इसमें से लगभग 406 करोड़ रूपए की राशि केन्द्र सरकार एवं लगभग 41 करोड़ रूपए की धनराशि राज्य सरकार ने मंजूर की है। स्वर्ण रेखा पर अत्याधुनिक तकनीक से प्रथम चरण में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के समीप से ट्रिपल आईटीएम तक लगभग 6 किमी लम्बाई में एलीवेटेड रोड़ का निर्माण होगा।
रानी लक्ष्मीबाई की समाधि से ट्रिपल आईटीएम तक
लगभग 6 किमी लम्बाई में बनने जा रहे एलीवेटेड रोड़ की कुल चौड़ाई लगभग 16 मीटर होगी। डिवाइडर के अलावा दोनों ओर की सड़कों की चौड़ाई 7.25 – 7.25 मीटर होगी। एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये 6 किमी की लम्बाई में 6 स्थानों पर रैम्पनुमा 13 सड़कें बनाई जायेंगीं। एलीवेटेड रोड़ के प्रारंभ स्थल यानि रानी लक्ष्मीबाई समाधि के नजदीक और दूसरे छोर पर ट्रिपल आईटीएम के समीप एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये अलग – अलग रैम्प बनाए जायेंगे।
चढ़ने – उतरने के लिये 4 रैम्प बनेंगे
हजीरा क्षेत्र में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये 2 स्थानों पर अलग-अलग रैम्प बनेंगे अर्थात यहाँ पर कुल 4 रैम्प बनेंगे। इसके अलावा रानीपुरा व रमटापुरा में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये अलग-अलग रैम्प बनाए जायेंगे। साथ ही चंद्रनगर में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने के लिए एक रैम्प बनेगा।

