ग्वालियर में बिजली काटने गए जूनियर इंजीनियर को पीटा
ग्वालियर. ग्वालियर में बिजली कनेक्शन काटने पहुंचे जूनियर इंजीनियर और उनकी टीम पर उपभोक्ता ने हमला कर दिया। जूनियर इंजीनियर को पीटा गया। किसी तरह बिजली विभाग की टीम जान बचाकर भागी और थाने पहुंची है। घटना सिटी सेंटर पटेल नगर में गोकुल अपार्टमेंट की है। घायल जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गोकुल अपार्टमेंट में बिजली विभाग पर हमला करने वाला किसी और के नाम के मीटर पर अपने घर बिजली जला रहा था। साथ ही बिजली का बिल भी नहीं भरा। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है।
यह है पूरा मामला
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जूनियर इंजीनियर और अन्य कर्मचारियों पर एक बिजली बकायादार ने उस वक्त हमला कर दिया जब वह राजस्व वसूली के लिए पटेल नगर के गोकुल अपार्टमेंट पहुंचे थे। यहां अंशुल सिंह के बिजली कनेक्शन का उपयोग उसके मकान में रहने वाला संदीप कुशवाहा कर रहा था। वह मीटर का उपयोग कर रहा था साथ ही बिजली का बिल नहीं भर रहा था। दस हजार से ज्यादा उस पर बकाया हो गया था। सिटी सेंटर जोन में पदस्थ जूनियर इंजीनियर गोपाल दुबे अपने अन्य कर्मचारियों के साथ जब दस हजार रुपए से ज्यादा की राशि का बकाया वसूलने पहुंचे थे। अंशुल सिंह के मकान में मौजूद संदीप कुशवाहा ने उनसे न सिर्फ अभद्रता कर गाली गलोज की बल्कि कील लगे डंडे से उन्हें पीट दिया। इस घटना में जूनियर इंजीनियर गोपाल दुबे घायल हो गए। उनके दाएं हाथ का पंजा फट गया। बाएं हाथ में भी चोट आई है। किसी तरह कर्मचारियों ने उन्हें संदीप कुशवाहा से बचाया। जूनियर इंजीनियर के मुताबिक संदीप कुशवाहा अवैध रूप से अंशुल सिंह के कनेक्शन का उपयोग कर रहा था और उसने पहले भी बकाया भुगतान नहीं करने के नाम पर कर्मचारियों के साथ अभद्रता की थी। इसीलिए आज वो खुद मौके पर गए थे और बकाया भुगतान नहीं करने की स्थिति में उनका कनेक्शन काटने की बात चल रही थी। इतने में संदीप कुशवाह आक्रोशित हो गया और उसने मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह बिजली कर्मचारी वहां से उल्टे पैर लौटे और सीधे पुलिस थाने पहुंचे। विश्वविद्यालय पुलिस ने इंजीनियर की शिकायत पर संदीप कुशवाह के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
