माइक्रोसॉफ्ट का कर्मचारियों को ऑफर, पैसे लेकर छोड़ सकेंगे नौकरी; 60 हजार कर्मचारी दायरे में
नई दिल्ली. माइक्रोसॉफ्ट ने करीब 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। कंपनी ने इसके बदले ग्रेड के मुताबिक एक साल तक की सैलरी एकमुश्त देने की बात कही है। कंपनी एआई और सिस्टम बनाने में हुए खर्च की भरपाई के लिए कर्मचारियों की संख्या कम करने जा रही है। कंपनी में कुल 2.23 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें 23 हजार भारत में हैं। माइक्रोसॉफ्ट भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के लेवल 70 या उससे नीचे के पद पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए यह स्कीम लाई है। इनमें से कितनों को ऑफर मिलेगा, यह साफ नहीं है। कंपनी ने कहा है कि एलिजिबल कर्मचारियों को अगले कुछ घंटे में ईमेल भेजा जाएगा। इस पर 1 दिसंबर तक फैसला करना होगा। माइक्रोसॉफ्ट ने मई और जुलाई 2025 में करीब 15 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था। इसके बाद जुलाई 2026 में भी कंपनी ने करीब 4,800 पद खत्म किए। यानी इन तीनों दौर में कुल मिलाकर करीब 20 हजार नौकरियों पर असर पड़ा।
आने वाले समय में वह जबरन छंटनी का कदम उठा सकती
माइक्रोसॉफ्ट में शुरुआती पद लेवल 59 से शुरू होते हैं और सीनियर पद लेवल 70 से ऊपर होते हैं। यह कंपनी के जूनियर, मिड-लेवल और सीनियर स्तर के कर्मचारियों का कैडर होता है। इसमें सीनियर डायरेक्टर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सीनियर इंजीनियर, प्रोजेक्ट मैनेजर, टीम लीडर और मिड-लेवल मैनेजर्स शामिल होते हैं।
जो लोग ऑफर नहीं लेंगे, वे अपनी मौजूदा भूमिकाओं में काम करते रहेंगे या कंपनी उन्हें कोई दूसरा प्रोजेक्ट/टीम असाइन कर सकती है। यदि कंपनी वॉलेंटरी ऑफर से अपना खर्च घटाने का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाती है, तो आने वाले समय में वह जबरन छंटनी का कदम उठा सकती है। उस स्थिति में नौकरी जाने पर कर्मचारियों को वॉलेंटरी एग्जिट जितना बेहतर फाइनेंशियल पैकेज नहीं मिलता है।
