कलेक्टर ने सौंपे नियुक्ति आदेश

ग्वालियर – परिवार के किसी सदस्य को खोने का दुःख जीवन की सबसे कठिन परिस्थितियों में से एक होता है। ऐसे समय में परिवार को आर्थिक संबल और भविष्य के प्रति भरोसा देना संवेदनशील सरकार का दायित्व है। शासकीय सेवा के दौरान दिवंगत हुए दो कर्मचारियों के पुत्रों को इसी भावना के अनुरूप सरकारी नौकरी अर्थात अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई है। इससे दोनों परिवारों को कठिन समय में सहारा मिला है।
ग्वालियर में अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान ने मंगलवार को जोगेन्द्र कुशवाह और पुनीत मुदगल को सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश सौंपे। दोनों नियुक्तियां राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रावधानों के तहत जिला स्तरीय स्थापना समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई हैं।
तहसील कार्यालय ग्वालियर में भृत्य के पद पर पदस्थ रहे महेन्द्र सिंह कुशवाह का गत अप्रैल माह में निधन हो गया था। उनके पुत्र जोगेन्द्र कुशवाह को तानसेन तहसील कार्यालय में सहायक वर्ग-3 के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। इसी प्रकार तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय, ग्वालियर में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे संतोष मुदगल का गत मई माह में निधन हो गया था। उनके पुत्र पुनीत मुदगल को तहसील कार्यालय पिछोर में सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। दोनों युवाओं को शासन के प्रावधानों के अनुसार तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर नियुक्ति प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *