दीपावली से पहले बोनस और समय पर वेतन देने की मांग, कुलसचिव से चर्चा के बाद दो दिन में भुगतान का आश्वासन

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आउटसोर्स कंपनी बालाजी सिक्यूरिटी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि हर महीने वेतन के लिए उन्हें परेशान होना पड़ता है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उनका वेतन समय पर दिया जाए और दीपावली से पहले बोनस का भुगतान किया जाए। कर्मचारियों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेतन के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, जबकि उन्हें अपने परिवार की जरूरतों और त्योहार के खर्चों को भी पूरा करना है।
वेतन देने की जिम्मेदारी आउटसोर्स कंपनी की: कुलपति
वेतन संबंधी समस्या पर कुलपति का कहना है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन देने की जिम्मेदारी संबंधित आउटसोर्स कंपनी की है। विश्वविद्यालय प्रशासन का इससे कोई लेना-देना नहीं है। इस बयान के बाद कर्मचारियों की नाराजगी कंपनी के खिलाफ और बढ़ गई।
कुलसचिव से चर्चा, दो दिन में वेतन आने का आश्वासन
कर्मचारी नेता ने बताया कि इस मामले में कुलसचिव से चर्चा हुई है। चर्चा के दौरान आश्वासन दिया गया है कि दो दिन के भीतर कर्मचारियों के खातों में वेतन पहुंच जाएगा। कर्मचारियों को अब इस आश्वासन के पूरा होने का इंतजार है।
कर्मचारियों की मांग है कि केवल आश्वासन देने के बजाय वेतन भुगतान की व्यवस्था नियमित की जाए, ताकि हर महीने उन्हें अपनी मेहनत की कमाई के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही दीपावली से पहले बोनस का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *