MP में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट, चक्रवात अर्नब से धान की फसल पर खतरा
भोपाल. बंगाल की खाडी में उठा साइक्लोन अर्नब तेजी से आगे बढ रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा। इससे खेतों में खडी धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है। तेज हवा के साथ बारिश होने से खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिर सकती है। वहीं खलिहानों में रखी फसल को भी नुकसान पहुंच सकता है। कई क्षेत्रों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। आईएमडी के अनुसार बंगाल की खाडी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है। 27 अक्टूबर से इसके और मजबूत होने की अनुमान है। इसके बाद तूफान आगे बढेगा जिससे एमपी के पूर्वी हिस्से में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है।

ग्वालियर में अक्टूबर महीने में भी दिन में तेज गर्मी पडती है। वर्ष 2015 में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। पिछले 10 साल में अमूमन तापमान 35 डिग्री से ज्यादा ही रहा। 27 अक्टूबर 1994 को दिन का तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया था जो अब तक का सबसे ज्यादा है। यहां का औसत अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस है। यहां जिस तरह से गर्मी पडती है उसी तरह से ठंड का असर भी रहता है। 2018 में तापमान 11.9 डिग्री दर्ज किया गया था। 31 अक्टूबर 1952 को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री रहा था। 10 में से 8 साल बारिश का दौर भी रहा। 2022 में 5 इंच, 2024 में 4.4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी। सर्वाधिक मासिक बारिश वर्ष 1956 में 8.68 इंच हुई थी। 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश 13 अक्टूबर 1955 को हुई थी। इस दिन 6 इंच पानी बरस गया था।
