अलीगढ़ के स्कूल दीवार गिरने से मलबे में 7 बच्चे दबे
अलीगढ़. उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जिले में शनिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। वर्षा के चलते एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर जाने से 7 बच्चे मलबे में दब गये। हुसैनपुर शहजादपुर गांव में हुए इस हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गयी और 5 घायल हो गये। फिलहाल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छर्रा में भर्ती करवाया गया है।
दरअसल, जिले के दादों थाना इलाके के हुसैनपुर शहजादपुर गांव में अतरसिंह पुत्र सोरनसिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। गांव के ही 10 से 12 वर्ष के बच्चे कालू उर्फ अभिषेक कुमार पुत्र रामपाल सिंह, अभिषेक पुत्र तालेवर सिंह, सचिन, यतिन पुत्रगण यशवीर सिंह, प्रशांत पुत्र जयप्रकाश, गौरव पुत्र बंटू सिंह दोपहर 3 बजे नजदीक के गांव निनामई के प्रायवेट स्कूल से पढ़कर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच तेज वर्षा होने लगी। गांव में पहुंचने पर सातों बच्चे उसी निर्माणाधीन मकान की दीवार के नजदीक से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान दीवार भरभराकर गिर गयी और सातों बच्चे दीवार क मलबे में दब गये। दीवार गिरने की जोरदार आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकालने में जुट गये। घटना से गांव में चीख पुकार मच गयी। सूचना पर दादों थानाध्यक्ष रवि चन्द्रबाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. जानकारी होने पर एसडीएम अतरौली रवि शंकर सिंह और सीओ बरला शिव प्रताप सिंह भीघटनास्थल पर गए ।

अधिकारियों ने जेसीबी मंगवाकर ग्रामीण और पुलिस फोर्स की मदद से बच्चों को मलबे से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छर्रा भेजा, जहां डाक्टरों ने कालू उर्फ अभिषेक पुत्र रामपाल, अभिषेक पुत्र तालेवर को मृत घोषित कर दिया । अन्य सभी घायल बच्चों का छर्रा सीएचसी में उपचार चल रहा है। SDM रवि शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन और शासन की ओर से हर संभव मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी ।
