GWALIOR में 24 घंटे में 3 रेप की FIR

ग्वालियर. ग्वालियर में बीते 24 घंटे में दुष्कर्म के तीन मामले दर्ज हुए हैं। तीनों ही घटनाएं अलग-अलग तरीके की हैं। एक मामले में एक नाबालिग लड़के ने अपनी ही ममेरी बहन का अपहरण किया। उसे झांसी उत्तर प्रदेश ले गया और बार-बार उसकी आबरू लूटी। पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उपनगर मुरार के ही गुलाबपुरी इलाके में घर में अकेली महिला से पड़ोस में रहने वाले जीजा-साले ने दुष्कर्म किया है। इसी तरह गोला का मंदिर में 25 वर्षीय महिला का उसके पति से अलगाव कराने के बाद दोस्त करता रहा दुष्कर्म। पुलिस इन सभी मामलों की पड़ताल गंभीरता से कर रही है।

केस-1
लापता छात्रा झांसी में मिली

शहर के मुरार स्थित तिकोनिया निवासी 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा है। दो दिन पहले वो लापता हो गई थी। छात्रा के लापता होने का पता चलते ही परिजन ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला तो परिजन मुरार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। लापता के नाबालिग होने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने पड़ताल शुरू की। पुलिस ने छात्रा का सुराग लगाने के लिए इलाके के CCTV कैमरे खंगाले तो पता चला कि छात्रा एक युवक के साथ गई है। इसका पता चलते ही परिजन भी थाने आए और बताया कि फुटेज में कैद युवक उनका रिश्तेदार है और झांसी का रहने वाला है। वह छात्रा का ममेरा भाई लगता है। इसके बाद पुलिस ने झांसी में दबिश देकर छात्रा को बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने छात्रा को धमका कर बार-बार उससे दुष्कर्म किया है।

केस-2
महिला से जीजा–साले ने किया गैंगरेप

उपनगर मुरार के गुलाबपुरी बड़ागांव इलाके में 23 वर्षीय महिला अपने पति के साथ रहती है। पास ही जीजा-साला प्रवीण राणा, सुनील राणा रहते हैं। दो दिन पहले घर में महिला अकेली थी। तभी यह जीजा-साले घर में घुस आए। दोनों ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इतना ही नहीं महिला के पति की हत्या करने की धमकी देकर उसे चुप रहने का कहा। पीड़िता ने आपबीती अपने पति को सुनाई फिर उसके साथ मुरार थाना पहुंची और मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है फिलहाल वह फरार हैं।

केस-3
मदद का झांसा, दोस्त ने किया दुष्कर्म

गोला का मंदिर स्थित गोवर्धन कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय महिला की शादी के कुछ समय बाद ही पति से अलगाव हो गया था। महिला की करीब एक साल पहले अपने पुराने दोस्त जीतू चौहान से मुलाकात हुई। जब जीतू को महिला के बारे में पता लगा तो उसने महिला को मदद का झांसा दिया। इसके बाद वह एक दिन महिला के घर पहुंचा तो वह अकेली थी। यहां जीतू ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं जब महिला ने विरोध जताया तो उससे वादा किया कि वह उसकी पूरी मदद करेगा और आगे चलकर शादी करेगा। इसके बाद महिला चुप रही पर आरोपी इसके बाद उसके साथ आए दिन दुष्कर्म करने लगा। जब महिला ने उससे शादी के लिए कहा तो वह मुकर गया। इसके बाद पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत गोला का मंदिर थाने में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है पर आरोपी अभी फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *