भोपाल-मंडीदीप रोड पर पुल की मिट्टी धंसी:इंजीनियर निलंबित, निर्माण एजेंसी ब्लैक लिस्ट
भोपाल. मध्यप्रदेश के कई शहरों में 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नदी-नाले उफनाकर सीमाएं तोड़ने लगे हैं। प्रदेश में आज बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। तवा, नर्मदा, शिप्रा, बेतवा और पार्वती किनारे बाढ़ का खतरा है। भोपाल-मंडीदीप रोड पर समरधा के पास ढलान पर पुल की मिट्टी धंस गई। यहां ट्रैफिक वन-वे कर दिया गया है। मामले में शाम को इंजीनियर को नोटिस दिया गया है। वहीं, निर्माण एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है। कलियासोत नदी पर पुल इसी साल बनाया गया था। वहीं, रीवा जिले में अलग-अलग जगहों में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है।
शिवपुरी जिले के कोलारस थानाक्षेत्र के ग्राम टांमकी में सिंध नदी में मोनू गुर्जर उर्फ पंचम गुर्जर (20) बह गया। वह खेत पर जाने के लिए सिंध को पार करने की कोशिश में था। गुना के जिला अस्पताल के कई वार्ड में बारिश का पानी भर गया। सीवेज पाइप ओवरफ्लो हो जाने से नर्सों के कमरों में भी पानी घुसने लगा है। शहर के दोनों तालाब फुल हो गए हैं। कभी भी ओवरफ्लो हो सकते हैं।
