पुराने नेता को अनसुना कर 7 नगर निगम में BJP के मेयर प्रत्याशी हार गए
भोपाल. फूफा शादी-ब्याह में इनकी खूब पूछ-परख होती है। हर बात के लिए पूछा जाता है, आगे रखा जाता है और अगर ऐसा ना हो तो, ये नाराज होकर बखेड़ा भी खड़ा कर देते हैं। BJP को ऐसे ही फूफाओं की नाराजगी महंगी पड़ गई। मौका शादी का तो नहीं था, लेकिन राजनीतिक दलों के लिए चुनाव ही तो शादी है।
हुआ यूं कि नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग से पहले एक विधायक ने सत्ता और संगठन की एक संयुक्त बैठक में कहा था कि पूछ-परख नहीं होने से पुराने नेता चुनाव में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। एक विधायक ने तो यह तक कह दिया था कि फूफाओं को साधने में भी भलाई है, लेकिन पार्टी ने इस सलाह को अनसुना कर दिया। फिर क्या था, नतीजा सबके सामने है। 16 में से 7 नगर निगम में BJP के मेयर प्रत्याशी हार गए। अब पार्टी के विधायकों को यह कहते सुना जा रहा है कि पुराने नेताओं की उपेक्षा भारी पड़ गई।
