100 बसें ही पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंची, 200 बसों की जरूरत, आज नहीं आई तो धरपकड़ शुरू होगी

ग्वालियर.  पंच, सरपंच, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्यों के निर्वाचन के लिए 25 जून को मतदान होगा। मतदान केंद्रों तक कर्मचारियों को पहुंचाने के लिए 200 बसों की जरूरत है। अबतक 100 बसें ही पालीटेक्निक कालेज पहुंची हैं। 100 बसों की जरूरत और है। जिन आपरेटर को नोटिस दिए गए थे, उन्हें फोन से सूचना दी गई है। यदि ये गुरुवार को बसों को नहीं पहुंचाते हैं धरपकड़ शुरू की जाएगी और परमिट भी निरस्त किया जाएगा। बसों का जो टारगेट मिला है, उतनी बसें प्रशासन को देनी है।

25 जून को जिले में पंचायत चुनाव के लिए मतदान है। इन मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों को पहुंचाने के लिए वाहनों की जरूरत है। जिला प्रशासन ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को (आरटीओ) को 200 बसें अधिग्रहित करने की जिम्मेदारी दी है। इसके चलते दो दिनों से आरटीओ ने बसों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरटीओ ने स्कूल बस व यात्री बस संचालकों को नोटिस जारी कर 22 जून तक बसें पालीटेक्निक कालेज में भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते स्कूलों को छुट्टी करनी पड़ रही है और आनलाइन क्लास का भी विकल्प दिया है। चुनाव से बस लौटने के बाद ही स्कूल शुरू हो सकेंगे। पूरी बसें नहीं पहुंची है, जिसके चलते सख्ती बरती जा रही है। वहीं दूसरी ओर स्कूल बसों का अधिग्रहण होने से स्कूलों ने अपने-अपने हिसाब से अभिभावकों को विकल्प दिया है। कुछ स्कूलों ने आनलाइन का विकल्प दिया है। कुछ ने बसों की कमी बताते हुए छुट्टी की है। अभिभावकों को भी इसकी सूचना भी दी जा रही है। चुनाव से बसें लौटने के बाद ही भौतिक रूप से स्कूल खुल सकेंगे। बसें 26 जून को ही वापस लौट सकेंगी। अारटीओ एसपीएस चौहना का कहना है कि चुनाव के लिए बसों का अधिग्रहण हो चुका है।

चुनाव में बसों का अधिग्रहण होने से रूट पर भी बसें घट जाएंगी, जिससे यात्रियों की भी परेशानी का समाना करना पड़ सकता है। बसों की संख्या कम होने से जो बसें सड़कों दौड़ेंगी, उनमें यात्रियों का दवाब बढे़गा। चार दिनों तक बसों की कमी रहेगी। सफर मुश्कल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *