पुलिस के बर्खास्त सिपाही से मिली पुलिस की चोरी पिस्टल, पुलिस का जवान पुलिस हिरासत में पूछताछ जारी
ग्वालियर. स्कॉर्पिया में पिस्टल लगाकर घूम रहे एक बर्खास्त सिपाही को पिछोर थाना पुलिस ने गांव घोघा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गये जवान ने यह पिस्टल पुलिस के क्वार्टर गार्ड से चोरी की थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी से पकड़ी गयी स्कॉर्पियो व पिस्टल जब्त कर एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के पिछोर थाना प्रभारी केडी सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर चुनाव को प्रभावित करने व किसी प्रत्याशी के समर्थन में जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम घोघा के पास चेकिंग लगाकर सर्चिंग शुरू कराई, तभी एक स्कॉर्पियो कार आती दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने अपने वाहन को भगाकर ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ा और तलाशी ली तो उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल के दस्तावेज मांगे तो वह दस्तावेज नहीं दे सका। इसी बीच पता चला कि पिस्टल लेकर आने वाला युवक बर्खास्त जवान है और उसने पुलिस लाइन में चोरी की थी और जो पिस्टल बरामद हुई है वह सरकारी पिस्टल है। इसका पता चलते ही पुलिस ने बर्खास्त जवान को हिरासत में लेकर उससे पिस्टल व कार जब्त कर ली है।
पुलिस बोली
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि बर्खास्त जवान को पुलिस हिरासत में लिया गया है और चोरी की गयी सरकारी पिस्टल बरामद हुई है बर्खास्त जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
