ग्वालियर का फैसला दिल्ली से, सीएम शिवराज सिंह सोमवार को दिल्ली जाएंगे

भोपाल. रविवार को सीएम हाउस में सीएम शिवराज सिंह, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के बीच महापौर प्रत्याशियों को लेकर लंबा विचार मंथन का दौर चला। ये बैठक करीब 3 घंटे चली, वहीं बैठक के बाद जानकारी मिली कि सीएम शिवराज सोमवार को दिल्ली जाएंगे। वहां गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। ऐसी संभावना है कि जिन सीटों पर ज्यादा घमासान की स्थिति है वहां का फैसला दिल्ली से हो सकता है। इससे पहले सुबह भाजपा कार्यालय में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, और स्थानीय निकाय चुनाव प्रबंधन समिति सदस्यों ने चर्चा कर आगामी रणनीति पर विचार-मंथन किया।

16 नगर निगमों के महापौर प्रत्याशी चयन के लिए बैठी भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति और कोर ग्रुप ने पांच सीटों पर सिंगल नाम तय कर दिए हैं। इनमें उज्जैन से मुकेश टटवाल, रतलाम से अशोक पोरवाल, सतना से योगेश ताम्रकार, छिंदवाड़ा से जितेंद्र शाह और बुरहानपुर नगर निगम में महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल के नाम फाइनल हो गए हैं। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में बड़ा पेंच है। ग्वालियर के नाम पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच सहमति बनाने के प्रयास हैं। ग्वालियर में डॉ. वीरा लोहिया, सुमन शर्मा, माया सिंह और समीक्षा गुप्ता के नाम आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *