ग्वालियर में नगरीय निकाय चुनाव में हिमस का ऐलान- हार पसंद, लेकिन नहीं मांगेगे मुस्लिम वोट
ग्वालियर. गोडसे के लिए चर्चित रहने वाली हिंदू महासभा अब मुस्लिम वोटर्स को लेकर चर्चा में है। हिंदू महासभा के प्रत्याशी ने ऐलान किया है कि देश के जो हालात हैं उसमें मुस्लिम वोट निर्णायक भी हो तो भी हम उनसे वोट मांगने नहीं जाएंगे। हारना पसंद है लेकिन मुस्लिम वोट नहीं मांगेगे। मुस्लिम वोटर्स की बात कर फिर से हिमस चर्चा में हैं। वैसे ग्वालियर में हिंदू महासभा हमेशा से गोडसे को लेकर चर्चित रही है। यह हिंदू वोटर्स को एकजुट करने के लिए किया गया है। हिंदू महासभा भी जानती है कि मुस्लिम वोटर्स कभी उनका था ही नहीं लेकिन हिमस नेताओं का यह बयान सोशल मीडिया पर ग्वालियर से लेकर भोपाल से दिल्ली तक चर्चा बना हुआ है।
वार्ड-44 के हिमस प्रत्याशी का ऐलान
नगरीय निकाय चुनाव में ग्वालियर नगर निगम के वार्ड-37 से मनोज जाटव व वार्ड-44 के हिंदू महासभा के प्रत्याशी ऊषा हरिदास अग्रवाल का कहना है कि जो देश में हालात हैं, उसको लेकर यह फैसला लिया गया है। यदि मुस्लिम वोट जीत के लिए निर्णायक भी होता है तो इसके बावजूद उन्हें मुस्लिमों का वोट नहीं चाहिए। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर भारद्वाज का भी कहना है कि देश में गैर हिंदुओं के द्वारा आतंक मचाया जा रहा है और इसी को रोकने के लिए हिंदू महासभा अपना अभियान चला रही है। ग्वालियर के अंदर नगर निगम चुनावों में कोई भी हिंदू महासभा का प्रत्याशी गैर हिंदू के घर वोट मांगने नहीं जाएगा। हम मुस्लिमों के खिलाफ नहीं है। राष्ट्रवादी मुस्लिम हमारे वार्ड में है पर देश के 13 राज्यों में गैर हिंदू आतंक मचा रहे हैं उस पर यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन रख रहा नजर
हिंदू महासभा के एक विशेष धर्म को लेकर टिप्पणी के बाद जिला प्रशासन के अफसर व पुलिस उन पर नजर रख रही है। अफसर उनके हर बयान व बैठक का ब्यौरा जुटा रहे हैं। यदि हिंदू महासभा ऐसा कुछ करती है जिससे आचार संहिता का उल्लघंन हो या मर्यादा टूटती है तो कार्रवाई भी हो सकती है।
