आधी रात को भाजपा के पहले 5 नाम तय, ग्वालियर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र व सिंधिया के बीच सहमति बनाने का प्रयास
भोपाल. 16 नगर निगमों के महापौर प्रत्याशी चयन के लिए बैठी भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति और कोर ग्रुप ने 5 सीटों पर सिंगल नाम तय कर दिए है। इनमें उज्जैन से मुकेश टटवाल, रतलाम से अशोक पोरवाल, सतना से योगेश ताम्रकार, छिंदवाड़ा से जितेंद्र शाह और बुरहानपुर नगर निगम में महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल के नाम फाइनल हो गए है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में बड़ा पेंच है। ग्वालियर के नाम पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच सहमति बनाने का प्रयास है।
ग्वालियर में डॉ. वीरा लोहिया, सुमन शर्मा, माया सिंह और समीक्षा गुप्ता के नाम आए। यदि भोपाल से कृष्णा गौर के लिए पार्टी नियम से समझौता करती है तो इंदौर में विधायक रमेश मेंदोला भी अपना दावा मजबूती से रख सकते हैं। इंदौर में मेंदोला के अलावा गौरव रणदिवे, पुष्यमित्र भार्गव और डॉ. निशांत खरे के नाम हैं। इसी तरह जबलपुर के लिए कमलेश अग्रवाल, डॉ. जितेंद्र जामदार और अभिलाष पांडे के नाम का जिक्र आया है। वहीं सिंगरौली में वीरेंद्र गोयल की दावेदारी आई।
