ग्वालियर में थाने से भागा दुष्कर्मी, 7 घंटे में फिर पकड़ा
ग्वालियर. विश्वविद्यालय थाने से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया है। पर पुलिस के लिए राहत की बात यह रही कि 7 घंटे बाद वह कंपू बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया है। घटना शनिवार सुबह 5.30 बजे की है। पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी टॉयरलेट करने के बहाने पुलिस जवान को चकमा देकर भाग गया है, लेकिन एक खबर यह भी है कि दुष्कर्मी HCM (हेड कॉस्टेबल मुंशी) की झपकी लगते ही चाबी निकालकर हथकड़ी सहित भागा है। हालांकि आरोपी के वापस पकड़े जाने पर पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अफसर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है जहां विश्वविद्यालय थाने से अपहरण, रेप व पॉक्सो एक्ट का आरोपी धर्मवीर जाटव शनिवार सुबह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को चकमा देकर हथकड़ी सहित भाग निकला है। बताया गया है कि ग्वालियर के विश्वविद्यालय क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय छात्रा से महलगांव निवासी धर्मवीर जाटव की सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। फिर दोनों में प्यार हो गया। इस दौरान धर्मवीर की औरंगाबाद में नौकरी लग गई। अभी पिछले सप्ताह धर्मवीर, छात्रा को अपने साथ बहला-फुसलाकर अपरहण कर ले गया। यहां छात्रा के पिता ने थाने में मामले की सूचना दी। लापता के नाबालिग होने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने औरंगाबाद में दबिश देकर छात्रा को बरामद कर आरोपी धर्मवीर जाटव को हिरासत में ले लिया। लौटकर छात्रा ने धर्मवीर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे हथकड़ी लगाकर विश्वविद्यालय थाने के HCM रूम में रखा था।
