ग्वालियर में 102 सरोवर बनेंगे
ग्वालियर. आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत केंद्र सरकार से मिले आदेशों के पालन में ग्वालियर में 102 अमृत सरोवर तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से 60 सरोवरों का काम 50 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। इन सरोवरों के निर्माण के लिए जिला पंचायत को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इनमें से 36 सरोवर ऐसे हैं, जो वन विभाग के क्षेत्र में आते हैं। इनमें से 32 सरोवरों के निर्माण के लिए वन विभाग ने अनुमति जारी कर दी है, लेकिन चार सरोवरों के लिए अभी अनुमति नहीं मिल पाई है। ऐसे में 32 सरोवरों का काम देरी से शुरू हो पाया है। इनके अलावा छह सरोवरों के लिए भी जगह चिह्नि कर ली गई है। इनमें से प्रत्येक तालाब की भराव क्षमता 10 से 15 हजार क्यूबिक मीटर की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत 24 अप्रैल को देशभर में अमृत सरोवर योजना की शुरुआत की है। अमृत सरोवर को बनाने का मुख्य उद्देश्य वातावरण के साथ-साथ जल स्तर को बढ़ावा देने से है। जिला पंचायत के अफसरों ने मई माह में 102 सरोवरों का स्थान चयन करने के साथ ही कार्य शुरू कराया, जिसमें से 60 सरोवरों का आधा काम कर लिया गया है। यह निर्माण एकीकृत वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम (आइडब्ल्यूएमपी), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) और जनसहयोग से कराया जा रहा है। जिला पंचायत अफसरों के मुताबिक अधिकतर सरोवरों की लागत 12 से 18 लाख रुपये के बीच है, जबकि पांच सरोवर ऐसे हैं जिनकी लागत 20 लाख रुपये हो रही है। इन सरोवरों का निर्माण 15 अगस्त 2022 तक पूरा किया जाना है। वन विभाग की अनुमति के चलते जिन सरोवरों का काम देरी से शुरू हो पाया था।
