MP में दरगाह के पास हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में विवाद, धारा 144 लगाई

नीमच. मध्य प्रदेश के नीमच में दरगाह के पास हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में विवाद का मामला सामने आया है। विवाद पुरानी कचहरी इलाके में मौजूद दरगाह के पास हुआ। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। उपद्रवियों ने पत्थर फेंके। एक बाइक में आग भी लगा दी। पुलिस ने दुकानें बंद करा दीं साथ ही उपद्रवियों को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठियां भी भांजीं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने नीमच सिटी इलाके में धारा 144 लगा दी है। पथराव में नीमच सिटी TI घायल हो गए। नीमच में बाजार पूरी तरह खुले हैं। अभी तक 9 लोग राउंडअप हुए हैं जबकि 4 पर केस दर्ज हुआ है।

क्या है मामला
पुरानी कचहरी इलाके में करीब पांच हजार वर्ग फीट जमीन पर दरगाह है। बताया जाता है कि ये जमीन सरकारी है। सोमवार शाम करीब 5 बजे इसी जमीन से लगी जमीन पर कुछ लोग हनुमानजी की मूर्ति स्थापित करना चाहते थे। इस पर दरगाह में मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई। दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। रात करीब 8 बजे के बाद विवाद बढ़ गया। दोनों समुदाय के लोग इकट्‌ठा हो गए। इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। उपद्रवियों ने एक बाइक को भी आग लगा दी।

कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की
मूर्ति स्थापित करने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बुलाया था। इसी बीच कुछ लोगों ने मौके पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। SP सूरज वर्मा ने बताया कि सूचना पर दल-बल के साथ पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भी भांजीं। पुलिस ने दुकानें बंद करा दीं। सभी दुकानदाराें को घर भेज दिया। यहां अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बने हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *