दो बाइक और कार के बीच हुई टक्कर में 3 की मौत, एक घायल जेएएच के लिये रेफर
दतिया. भांडेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिघरा रोड पर सोमवार की रात लगभग 12.30 बजे कार और 2 बाइक में टक्कर हो गयी। घटना में 3 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। एक गंभीर रूप से घायल है। जिसे इलाज के लिये ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया गया है।
क्या है पूरा घटनाक्रम
झांसी उत्तर प्रदेश के चिरगांव निवासी प्रभात राजपूत अपने 3 भाई दिलीप राजपूत, चंद्रशेखर राजपूत और नरेंद्र राजपूत के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी बहन के घर से अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में भिंड भांडेर रोड पर गांव तिगरा के पास कार एमपी 32 सी 3178 के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए। 2 बाइक सवार में टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रशेखर राजपूत (25), प्रभात राजपूत (22), दिलीप राजपूत (27), की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख राहगीरों ने तुरंत डायल -100 को सूचित किया। मौके पर पहुंची 100 डायल ने घायल 22 वर्षीय नरेंद्र राजपूत को भांडेर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए। ग्वालियर रेफर कर दिया। साथ ही पुलिस ने कार को जप्त कर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
