पी चिदंबरम के बेटे पर CBI का छापा,चीनी नागरिकों को वीजा दिलाने के लिए 50 लाख की रिश्वत का आरोप, 9 ठिकानों पर कार्रवाई जारी
नई दिल्ली. सीबीआई ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम के 9 ठिकानों पर छापा मारा है। इस दौरान सीबीआई ने कार्ति के खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है। उन पर 250 चीनी नागरिकों को वीजा दिलवाने के लिए कथित तौर पर 50 लाख रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई को आईएनएक्स मीडिया मामले में लेन-देन की जांच के दौरान इसकी जानकारी मिली। वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कथित तौर पर नियमों की अनदेखी कर चीनी नागरिकों को वीजा दिलाने में मदद की। पंजाब में स्थित तलवंडी साबो पावर लिमिटेड प्रोजेक्ट चल रहा था जिसके लिए चीनी मजदूरों को वीजा दिलाया गया था।
कार्ति बोल यह कितनी बार हुआ मैं भूल गया
कार्रवाई के दौरान कार्ति चिदंबरम ने ट्वीट किया और कहा कि यह (सीबीआई की कार्रवाई) कितनी बार हुआ है मैं गिनती भी भूल गया हूं। इसका एक रिकॉर्ड होना चाहिए। बता दें कि सीबीआई ने 2010-2014 के बीच के इस मामले में नया केस दर्ज किया है, उसी मामले में आज की कार्रवाई की गई है।
सीबीआई अफसर गेट फांद कर घर में घुसे
सीबीआई तमिलनाडु में तीन, मुंबई में तीन, पंजाब में एक, कर्नाटक में एक और ओडिशा में एक सहित 9 स्थानों पर तलाशी ले रही है। इसमें ऑफिस और घर शामिल है। दिल्ली में पी चिदंबरम के घर का गेट बंद होने के कारण सीबीआई के अधिकारी गेट फांद कर अंदर घुसे। जानकारों के अनुसरा कार्ति चिदंबरम के खिलाफ कथित विदेशी निवेश को लेकर सीबीआई ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी सुबह 8 बजे शुरू हुई।
