मुरार में प्रेम-प्रसंग के चलते युवती की गोली मारकर हत्या

ग्वालियर. मुरार में बैजल कोठी के पास सोमवार रात 7.48 बजे हमलावर ने युवती को गोली मार दी जो उसके सिर में लगी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवती अपनी 12 साल की बहन के साथ सब्जी लेकर घर लौट रही थी। युवती की 4 अप्रैल को ही भौंती (शिवपुरी) में सगाई तय हुई थी और 21 जून को शादी होना थी। पुलिस ने हमलावर की पहचान कर ली है। वह युवती से शादी करना चाहता था।

थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि रात लगभग 7.48 बजे बैजल कोठी स्थित गीतांजलि स्कूल के पास साक्षी गुप्ता पुत्री मनोज गुप्ता निवासी भौंती हाल बैजल कोठी को एक हमलावर ने गोली मार दी। गोली युवती के सिर में लगी और उसे अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका यहां बैजल कोठी पर किराए के मकान मे पिता के साथ रहती थी। पिता मुरार में 6 नंबर चौराहा पर चाय का स्टॉल लगाता है। सोमवार को युवती के माता-पिता भौंती गए हुए थे। युवती को गोली मारने की सूचना पर एसएसपी अमित सांघी, एएसपी राजेश दंडौतिया मौके पर पहुंचे।

शादी तय होने से नाराज था आरोपी
थाना प्रभारी शैंलेंद्र भार्गव ने बताया कि आरोपी गिर्राज कटारे, साक्षी की सगाई होने के बाद से नाराज था। वह उससे शादी करना चाहता लेकिन साक्षी व उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों में पड़ताल की। घटना गंाताजलि स्कूल के सामने हुई लेकिन स्कूल के कैमरे खराब थे। घटना से कुछ पीछे युवती व बच्ची के जाते हुए फुटेज आए है। इनमें युवती के साथ जा रही बच्ची अकेली भागती हुई दिख रही है। घटना से करीब 70 मीटर दूर संदेही गिर्राज कटारे के फुटेज मिला है। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी तो मामला खुल गया। आरोपी साक्षी की शादी को लेकर बहुत गुस्से में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *