मुरैना के सात बीआरसी को मिले 14 करोड़, न स्कूलों में रंगाई-पुताई हुई न खेल किट खरीदीं, बिल लगाकर खुर्दबुर्द की राशि
मुरैना. मार्च से पहले 12 से 14 करोड़ की राशि लैप्स न हो जाए, इसके लिए राज्य शिक्षा केंद्र के आयुक्त एस धनराजू ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए कहा था कि जल्द बिल लगवाएं। इसके लिए स्कूलों के खाते की राशि सीधे बीआरसी के खातों में भेज दी गई। इसका सीधा लाभ बीआरसी ने उठाया। उन्होंने अपनी चहेती फर्मों के बिल मंगवाकर कुछ सामग्री बांट दी और ज्यादातर राशि का बंदरबांट कर लिया।
जिले में सात बीआरसी की निगरानी में संचालित 1531 प्राइमरी, 250 मिडिल स्कूलों और 210 एकीकृत शालाओं (कुल 1991 स्कूल) के लिए प्रति बीआरसी 2-2 करोड़ की राशि स्कूलों की रंगाई-पुताई, सुरक्षा के इंतजाम जैसे फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य चीजों पर खर्च करनी थी। इसके लिए प्राध्यापकों को ही दुकानों से खरीदी करने के बिल बीआरसी ऑफिस में सबमिट करने थे लेकिन न स्कूलों की रंगाई-पुताई हुई न अधिकांश स्कूलों में खेल किट व अन्य सामग्री खरीदी गई।
छात्रसंख्या के मान से राशि का आवंटन
एक से 15 छात्र अगर स्कूल में दर्ज हैं तो 12 हजार 500 रुपए, 16 से 100 छात्र संख्या पर 25 हजार रुपए, 101 से 250 छात्रों के लिए 50 हजार, 251 से एक हजार छात्रों के लिए 75 हजार व एक हजार से अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों के लिए एक लाख की राशि राज्य शिक्षा केंद्र से आवंटित की गई थी।
यह काम होने थे
स्कूल को जारी कुल राशि में से 10% स्वच्छता पर व्यय करनी थी। इसके अलावा खेल किट, फर्स्ट एड बॉक्स व अग्निशमन यंत्र (सुरक्षा), शाला रखरखाव जैसे रंगाई-पुताई, स्टेशनरी, फर्नीचर मेंटेनेंस सहित अन्य जरूरी सामग्री पर खर्च करने थे।
हम जांच कराकर कार्रवाई करेंगे
बीआरसी द्वारा राशि खर्च करने में अनियमितता की गई है तो मामले की जांच कराएंगे। किसी भी गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ हम कार्रवाई करने में संकोच नहीं करेंगे।
-डीके शर्मा, जिला समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र
