ग्वालियर महापौर सीट सामान्य मानकर नेताओं ने शुरू की टिकट दौड़
ग्वालियर. नगर निकाय व पंचायत चुनाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है, हालांकि पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के लिए प्रदेश सरकार के रिव्यू पिटीशन सुप्रीम कोर्ट में दायर करने से चुनाव होने की स्थिति 17 मई को स्पष्ट हो सकेगी। जिले में महापौर की सीट को लेकर भी नेता गफलत में है। आरक्षण की प्रक्रिया में महापौर सीट को महिला पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया था। अब वर्तमान स्थिति में चुनाव के लिए ओबीसी आरक्षण की व्यवस्था नहीं है इसलिए यह सीट स्वत सामान्य मानी जा रही है। दूसरी तरफ सरकार ने भी मंशा साफ कर दी है कि इस बार भी महापौर को सीधे मतदाता ही चुनेंगे। ऐसे में भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने महापौर की सामान्य सीट मानकर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। दावेदारों ने टिकट के लिए भोपाल दौड़ लगाना शुरू कर दी है लेकिन पार्टी हाईकमान एक ही जवाब दे रहे है कि पहले सुप्रीम कोर्ट का फैसला तो आने दो ।
टिकट बांटने-काटने में इनकी होगी अहम भूमिका
यह तय माना जा रहा है कि भाजपा में महापौर टिकट के लिए महानगर इकाई के साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर की सहमति अहम रहेगी। वहीं कांग्रेस से महापौर पद का उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की पसंद का होगा, यह तय माना जा रहा है। इस पसंद में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह व कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक और सतीश सिकरवार की राय से दिग्विजय सिंह निर्णय ले सकते हैं। यह पहला मौका होगा जब कांग्रेस का उम्मीदवार महल के मुखिया की पसंद का नहीं होगा।
