गुना काला हिरण केस में गुना में फर्जी एनकाउंटर, कोर्ट में याचिका- ताकतवर को बचा रही पुलिस, जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी
गुना. 3 पुलिसवालों की हत्या के बाद हुए एनकाउंटर पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। गुना निवासी समाजसेवी कृष्ण कुमार रघुवंशी ने CJM कोर्ट में याचिका दायर कर इस एनकाउंटर की जांच कराने की मांग की है। CJM आदित्य सिंह की कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली है। सुनवाई 17 मई को होगी।
रविवार को दायर की गई याचिका में कहा गया है कि पुलिस ने ताकतवर लोगों को बचाने के मकसद और सबूत मिटाने के लिए एनकाउंटर किया है। बिना किसी जांच-पड़ताल, बिना गिरफ्तारी के एनकाउंटर बताकर तीन लोगों की हत्या की गई है। जबकि, कानून यह कहता है कि किसी भी घटना में अगर कोई व्यक्ति शामिल है तो उसे गिरफ्तार कर 24 घंटे में मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना होता है। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया गया।
बिदोरिया, भोडनी, बजरंगगढ़ के जंगलों में पुलिस की 5 अलग-अलग टीमों को सर्चिंग में लगाया गया है। बिदोरिया गांव में दो अलग-अलग थानों की पुलिस के अलावा STF, SAF, QRF की 2 कंपनी तैनात की गई हैं। शिकारियों द्वारा पुलिस से लूटी गई इंसास राइफल अब तक बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने कल दो कुओं में इंसास राइफल फेंके जाने की सूचना पर 10 घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया था। कुछ नहीं मिलने पर सर्च ऑपरेशन को रोक दिया गया।
दो अन्य को भी हिरासत में लिया
सूत्रों की मानें तो मामले में दो और आरोपी गोलू और विक्की को पुलिस ने पकड़ लिया है। बजरंगगढ़ के जंगल से ये दोनों पकड़े गए हैं। इनका साथी बल्लू अभी भी फरार है। उसके बारे में ये दोनों भी खुलकर कुछ नहीं बता रहे हैं। इन दो आरोपियों का कहना है कि बल्लू इनसे अलग तरफ भागा था। हालांकि, इन दोनों के पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि भी पुलिस ने नहीं की है। SP राजीव मिश्रा अभी तक केवल दो आरोपियों की मौत की ही पुष्टि कर रहे हैं।
भाई के बगल में बनी कब्र
मुठभेड़ में मारे गए शिकारी नौशाद खान को शनिवार को ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। देर रात उसका भाई भी एनकाउंटर में मारा गया। उसके पिता ने शहजाद की शिनाख्त की। रविवार दोपहर को PM के बाद उसका शव गांव पहुंचा। नौशाद के बगल में ही उसकी कब्र बनाई गई। पुलिस और परिवार की मौजूदगी में उसे दफनाया गया।
