गुना काला हिरण केस में आरोपी जिया खान और सोनू का शॉर्ट एनकाउंटर, ग्वालियर आईजी ने पुष्टि की

गुना. गुना के आरोन में 3 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में गिरफ्तार 2 आरोपी जिया खान और सोनू का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है। पुलिस ने इनके पैर में गोली मारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट ले जा रही थी, तभी दोनों ने मोरनी के जंगल से गुजरने के दौरान गाड़ी की स्टेयरिंग में धक्का मारा। इससे गाड़ी पलट गई। दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने आरोपी जिया खान और सोनू के पैर में गोली मार दी। इसकी पुष्टि ग्वालियर आईजी डी श्रीनिवास वर्मा ने की है। इधर, पुलिस एनकाउंटर में मारे गए आरोपी शहजाद का शव रविवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शहजाद की कब्र छोटे भाई नौशाद की कब्र के बगल से खोदी गई।

इससे पहले गुना में शुक्रवार तड़के 5 से ज्यादा शिकारियों ने 3 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मुठभेड़ में एक शिकारी नौशाद खान भी मारा गया था। पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद पुलिस एक्शन में आई और शनिवार देर रात तक जवाबी कार्रवाई में 3 और आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी सिर्फ नौशाद के भाई शहजाद की ही हुई है। शनिवार देर शाम हुए शहजाद के एनकाउंटर में धीरेंद्र गुर्जर नाम का पुलिसकर्मी घायल हो गया। मध्यप्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लिखा- हिसाब बराबर। इसके बाद भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने भी ट्वीट किया कि चौथा भी गया!। पुलिस पार्टी पर हमले के आरोपी विक्की और गोलू को रिकॉर्ड में पुलिस अभी फरार ही बता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *