खालिस्तान विरोधी मार्च पर सिख और हिंदू संगठन भिड़े, फायरिंग, पत्थर और तलवारें चलीं
चंडीगढ़. पंजाब के पटियाला में तनाव की स्थिति है। दरअसल, शिवसेना यहां खालिस्तान मुर्दाबाद मार्च निकाल रही थी। शिवसेना के नेता और कार्यकर्ता जब खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जा रहे थे, तभी कुछ सिखों ने हमला कर दिया। हाथों में तलवारें लहराते हुए आए इन सिखों का कहना था कि वे खालिस्तान मुर्दाबाद के नारे नहीं लगने देंगे। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस ने मोर्चा संभाला और हालात काबू करने के लिए हवाई फायर किए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में एसएचओ के घायल होने की सूचना है। घरों छतों से बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकात है कि लोगों ने पहले से तैयारी कर रखी थी और पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग को इसकी भनक नहीं लगी।

हालात संभालने के लिए SSP ने हवाई फायरिंग की।
इस बीच SHO को हाथ में चोट लग गई। इसके बाद हालात संभालने के लिए SSP ने हवाई फायरिंग की। फिलहाल यहां माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने सिख संगठनों को प्रदर्शन करने और हिंदू संगठनों को मार्च निकालने से रोक दिया है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
खालिस्तान का पुतला जलाने पर हुआ विवाद
यहां शिवसेना ने खालिस्तान के खिलाफ पुतला फूंक प्रदर्शन की तैयारी की थी। इसका पता चलते ही खालिस्तान समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। वहां पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और वापस भेज दिया। हालांकि सिख संगठनों के सदस्य काली माता मंदिर में तलवारें लेकर पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले।
