भारतीय पायलट ने विमान को क्रैश होने से बचाया, इजराइल बोला- 9/11 जैसा हमला हो सकता था
नई दिल्ली. भारतीय पायलट स्मित ने दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट को क्रैश होने से बचा लिया। स्मित पर उनके साथी पायलट ने ही चाकू से हमला कर दिया, घायल होने के बावजूद स्मित उससे लडते रहे और बाकी यात्रियों की मदद से काबू पाया। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में यह घटना हुई। विमान में 180 लोग सवार थे। इजराइली अधिकारियों ने बताया कि जिस साथी पायलट ने स्मित पर हमला किया वह ओमान का नागरिक था। इजराइल के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि पायलट की हिम्मत ने बडी घटना टाल दी। वरना 2001 में हुए अमेरिका के 9/11 जैसी घटना हो सकती थी। हमलावर पर काबू पाने के बाद विमान में बैठे पैसेंजर्स ने ताली बजाकर खुशी मनाई, इस फ्लाइट में ज्यादातर इजराइली पैसेंजर्स थे।

11 साल पायलट रह चुके है कैप्टन स्मित
फ्लाईदुबई से पहले स्मित ने 11 साल से ज्यादा समय तक स्पाइसजेट में काम किया। यहां उन्होंने 9500 घंटे से ज्यादा उडान भरी। इनमें 6400 घंटे से ज्यादा समय विमान के मुख्य पायलट यानी पायलट-इन-कमांड के तौर पर था। जून 2022 में उन्होंने फ्लाईदुबई जॉइन की थी। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार उन्हें कमर्शियल विमान उडाने का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने बोइंग 737 विमानों पर करीब 9750 घंटे उडान भरी है। इसके अलावा वे पायलटों की ट्रेनिंग, उनकी जांच और उन्हें काम के दौरान गाइड करने का काम भी करते थे।

